IND vs PAK: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर तस्वीर अब साफ हो गई है. पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दे दी है. इसके बाद दोनों टीमें 15 फरवरी को आमने-सामने होंगी. मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना तय है.
सोमवार 9 फरवरी की देर शाम पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत के खिलाफ टी20 मुकाबला खेलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी. लंबे समय से इस मैच को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, जिस पर अब आधिकारिक फैसला आ गया है.
लाहौर में हुई अहम बैठक का असर
इस फैसले से पहले लाहौर में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी. बैठक में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी), अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अधिकारी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम शामिल हुए थे.
पीसीबी प्रमुख और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इस बैठक की पूरी जानकारी प्रधानमंत्री को दी, जिसके बाद सरकार ने अंतिम फैसला लिया.
आईसीसी की मध्यस्थता से बनी बात
रविवार 8 फरवरी को आईसीसी के एक प्रतिनिधिमंडल ने लाहौर में पीसीबी प्रमुख से मुलाकात की थी. इस बातचीत में सभी पक्षों के बीच सहमति बनाने की कोशिश की गई.
इस प्रक्रिया में आईसीसी उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई. कई दौर की बातचीत के बाद समाधान का रास्ता निकला.
पहले बदला था पाकिस्तान का रुख
भारत के खिलाफ मैच खेलने को लेकर पाकिस्तान के रुख में हाल ही में बदलाव देखने को मिला था.
1 फरवरी को पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से यह बताया गया था कि पाकिस्तान टीम 15 फरवरी को होने वाला मुकाबला नहीं खेलेगी. हालांकि इसके बाद पीएसएल नीलामी के दौरान पीसीबी से जुड़े अधिकारियों ने इस मुद्दे पर “अच्छी खबर” आने के संकेत दिए थे.
ये भी पढ़ें- Rashifal: इन 5 राशियों का गोल्डन टाइम शुरू, करियर में तरक्की के द्वार खुलेंगे, जानें आज का राशिफल