Rishabh Pant Injury: विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को अभ्यास सत्र के दौरान चोट लगने की खबर सामने आई है, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा. यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत बेहद करीब है. दोनों टीमों के बीच पहला वनडे मुकाबला रविवार, 11 जनवरी को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेला जाना है. पंत की चोट की खबर से भारतीय फैंस और टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ गई है.
ऋषभ पंत ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला अगस्त 2024 में खेला था. इसके बाद से वह लगातार चोटों से जूझते रहे हैं. इंग्लैंड दौरे के दौरान भी उन्हें चोट का सामना करना पड़ा था, जिसकी वजह से वह लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहे. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उन्हें टीम में केएल राहुल के साथ दूसरे विकेटकीपर के रूप में शामिल किया गया है.
कैसे लगी ऋषभ पंत को चोट?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋषभ पंत नेट्स में थ्रो-डाउन स्पेशलिस्ट्स के सामने बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहे थे. इसी दौरान एक तेज गेंद उनकी कमर के ठीक ऊपर आकर लगी. गेंद लगने के बाद पंत को असहज महसूस हुआ और वह अभ्यास रोककर मैदान से बाहर चले गए.
हालांकि इससे पहले पंत करीब 50 मिनट तक बल्लेबाजी अभ्यास कर चुके थे और अच्छी लय में नजर आ रहे थे. चोट की गंभीरता को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे फैंस की बेचैनी और बढ़ गई है.
पहले वनडे में केएल राहुल को मिल सकता है मौका
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे मुकाबला रविवार को खेला जाएगा. ऐसे में अगर ऋषभ पंत पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं, तो टीम मैनेजमेंट केएल राहुल को बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज मैदान में उतार सकता है.
गौरतलब है कि केएल राहुल ने हाल ही में शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम की कप्तानी भी की थी और उनका अनुभव टीम के लिए अहम साबित हो सकता है.
भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का माहौल
न्यूजीलैंड के खिलाफ यह वनडे सीरीज भारतीय टीम के लिए काफी अहम मानी जा रही है. टीम में सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ युवा चेहरों का भी अच्छा संतुलन देखने को मिल रहा है. स्क्वॉड में रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल और ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाज शामिल हैं. गेंदबाजी विभाग में अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा मौजूद हैं.
कहां और कैसे देखें पहला वनडे
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे मुकाबला दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा. इस मैच का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा. वहीं, जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी.
ये भी पढ़ें- IND vs NZ: कब और कहां होगा भारत-न्यूजीलैंड के बीच पहला ODI मुकाबला? इस ऐप पर देख पाएंगे लाइव स्ट्रीमिंग