IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई. 202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया सिर्फ 76 रन पर ऑल आउट हो गई और 125 रन से मैच हार गई. यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की सबसे बड़ी हार भी बन गई.
कुछ महीने पहले ही भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 250 से ज्यादा रन बनाए थे. इसके बाद फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 255 रन बनाकर खिताब भी जीता था. वहीं आईपीएल 2026 में भी भारतीय बल्लेबाजों ने खूब रन बनाए थे.
लेकिन नॉटिंघम में वही बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही. पूरी भारतीय टीम सिर्फ 11.4 ओवर, यानी 70 गेंदों में ऑल आउट हो गई. टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की इतनी छोटी पारी पहले कभी नहीं रही.
पावरप्ले में ही आधी टीम आउट
भारत की शुरुआत बेहद खराब रही. ओपनर अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, कप्तान श्रेयस अय्यर समेत पांच बल्लेबाज सिर्फ पांचवें ओवर तक पवेलियन लौट गए.
यह पहली बार हुआ जब टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के पावरप्ले के अंदर ही पांच विकेट गिर गए. इसके बाद शिवम दुबे, अक्षर पटेल और तिलक वर्मा भी टीम को संभाल नहीं सके.
टी20 में भारत की दूसरी सबसे छोटी पारी
76 रन का स्कोर भारत का टी20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरा सबसे छोटा स्कोर है. इससे पहले 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम सिर्फ 74 रन पर ऑल आउट हुई थी.
हालांकि नॉटिंघम की हार इसलिए ज्यादा निराशाजनक रही क्योंकि इस बार पूरी टीम सिर्फ 11.4 ओवर में ही सिमट गई, जबकि 74 रन वाली पारी में भारत ने 17.3 ओवर तक बल्लेबाजी की थी.
टूट गया पुराना रिकॉर्ड
इससे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की सबसे छोटी पारी 17.2 ओवर तक चली थी, जो 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ थी. लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में यह रिकॉर्ड भी टूट गया और भारतीय टीम सिर्फ 70 गेंदों में ऑल आउट हो गई.
टी20 में भारत की सबसे बड़ी हार
76 रन पर ऑल आउट होने के साथ भारत को 125 रन से हार का सामना करना पड़ा. रनों के अंतर के हिसाब से यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की अब तक की सबसे बड़ी हार है. इससे पहले भारत की सबसे बड़ी हार 80 रन से हुई थी.
ये भी पढ़ें- E20 Petrol: 'एक भी कार का नाम बताइए जिसमें एथनॉल से दिक्कत आई हो', नितिन गडकरी ने आलोचकों को दी चुनौती