IND vs ENG: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल से पहले भारतीय टीम से जुड़ी एक खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. ‘संजू सैमसन बैन’ का ट्रेंड चर्चा का केंद्र बना हुआ है. भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले इस अहम मुकाबले से पहले फैंस इस खबर को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं. हालांकि, अब तक इस मामले में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. यह पूरा मामला वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए सुपर-8 मुकाबले से जुड़ा है.
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई थी. जीत के बाद उन्होंने विजयी चौका लगाया और जश्न के दौरान अपना हेलमेट जमीन पर फेंक दिया. इसके बाद वह घुटनों के बल बैठकर भगवान का धन्यवाद करते दिखाई दिए. उनका यह जश्न सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और यहीं से विवाद की शुरुआत हुई.
क्या आईसीसी कर सकती है कार्रवाई?
कुछ लोगों का मानना है कि हेलमेट को इस तरह फेंकना आईसीसी के नियमों का उल्लंघन हो सकता है. इसी वजह से सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई है कि आईसीसी संजू सैमसन के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है. यहां तक कि एक मैच के बैन की अटकलें भी लगाई जा रही हैं.
आईसीसी के नियम क्या कहते हैं?
आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के अनुसार, किसी भी खिलाड़ी को क्रिकेट उपकरण का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए. इसमें बैट, हेलमेट, स्टंप या अन्य उपकरणों को फेंकना शामिल है.
भले ही खिलाड़ी ने यह काम गुस्से में नहीं, बल्कि भावनाओं में किया हो, तब भी इसकी समीक्षा की जा सकती है. यदि किसी एक्शन से उपकरण या मैदान की संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, तो इसे नियम का उल्लंघन माना जाता है.
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
ऐसे मामलों में आईसीसी पहले भी खिलाड़ियों पर कार्रवाई कर चुकी है. हाल ही में स्कॉटलैंड के बल्लेबाज जॉर्ज मंसी को आउट होने के बाद हेलमेट फेंकने पर एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया था. इससे साफ है कि इस तरह के मामलों को नजरअंदाज नहीं किया जाता.
अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं
फिलहाल संजू सैमसन के मामले में आईसीसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में यह कहना जल्दबाजी होगी कि उन पर कोई बैन लगेगा या नहीं. लेकिन सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं ने फैंस की चिंता जरूर बढ़ा दी है, खासकर तब जब टीम इंडिया एक बड़े नॉकआउट मुकाबले के लिए तैयार है.
सेमीफाइनल पर टिकी सबकी नजरें
अगर भविष्य में आईसीसी इस मामले को गंभीरता से लेती है और सैमसन को दोषी पाया जाता है, तो उन्हें एक मैच का प्रतिबंध झेलना पड़ सकता है. फिलहाल यह केवल अटकलें हैं. अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आईसीसी इस मामले में क्या फैसला लेती है और क्या इसका असर भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल पर पड़ेगा या नहीं.
ये भी पढ़ें- 20 सालों बाद बिहार में नीतीश युग का अंत, राज्यसभा जाने का किया ऐलान; एक्स पर पोस्ट करके दी जानकारी