ICC Test Rankings: आईसीसी की ताजा टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग ने क्रिकेट जगत में बड़ा बदलाव दिखाया है. लंबे समय से शीर्ष स्थान पर बने हुए इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को नंबर-1 की कुर्सी गंवानी पड़ी है. दिलचस्प बात यह है कि उनकी जगह भी इंग्लैंड के ही युवा स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने हासिल की है. वहीं भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन के दम पर रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है और भारत के सबसे ऊंची रैंकिंग वाले टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं.
हैरी ब्रूक बने दुनिया के नए नंबर-1 बल्लेबाज
लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में जो रूट का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा. पहली पारी में वह केवल 1 रन और दूसरी पारी में 8 रन बनाकर आउट हो गए. इस खराब प्रदर्शन का असर उनकी रैंकिंग पर पड़ा और 851 रेटिंग के साथ वह सीधे तीसरे स्थान पर खिसक गए. दूसरी ओर हैरी ब्रूक ने उसी मुकाबले की पहली पारी में 56 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत की. 869 रेटिंग अंकों के साथ ब्रूक अब दुनिया के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं. वहीं ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड एक स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं.
शुभमन गिल को मिला शतक का इनाम
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में 126 रनों की शानदार पारी खेली थी. उनकी इस दमदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने मुकाबला एक पारी और 300 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया था. इसी प्रदर्शन का फायदा गिल को आईसीसी रैंकिंग में मिला है. वह 743 रेटिंग अंकों के साथ दो स्थान ऊपर चढ़कर आठवें नंबर पर पहुंच गए हैं और अब भारत के सबसे ऊंची रैंकिंग वाले टेस्ट बल्लेबाज बन चुके हैं. यशस्वी जायसवाल एक स्थान नीचे खिसककर नौवें नंबर पर आ गए हैं.
बुमराह और जडेजा की बादशाहत बरकरार
भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में अब भी नंबर-1 बने हुए हैं. वहीं अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान कायम रखा है. खास बात यह है कि दोनों खिलाड़ियों ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच नहीं खेला था, लेकिन उनकी रेटिंग पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. हालांकि गेंदबाजी रैंकिंग में जडेजा को तीन स्थान का नुकसान हुआ है और वह अब 17वें नंबर पर पहुंच गए हैं.
वाशिंगटन सुंदर ने रचा नया कीर्तिमान
आईसीसी की नई रैंकिंग में भारतीय ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर के लिए भी खुशखबरी आई है. शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग के टॉप-10 में जगह बना ली है. सुंदर 244 रेटिंग अंकों के साथ दो स्थान की छलांग लगाकर नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं. यह उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग है. भारतीय क्रिकेट के लिए यह संकेत है कि टीम के युवा खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं.
ये भी पढ़ें: बल्ले से नहीं चला जादू, लेकिन इस मामले में छा गए वैभव सूर्यवंशी, श्रीलंका में दिखा जबरदस्त क्रेज, VIDEO वायरल