ICC ODI World Cup 2027: 2027 वनडे वर्ल्ड कप के क्वालीफायर टूर्नामेंट की तारीखों का एलान हो गया है. यह टूर्नामेंट 22 फरवरी से 23 मार्च 2027 तक खेला जाएगा. हालांकि, अभी तक आईसीसी ने इसके आयोजन स्थल का ऐलान नहीं किया है.
ईएसपीएन क्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट अनुसार, इस क्वालीफायर में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी. नए नियमों के मुताबिक, जो टीम इस टूर्नामेंट को जीतेगी, उसे सीधे 2027 वनडे वर्ल्ड कप में जगह मिल जाएगी.
वहीं दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी एक और मौका मिलेगा. इन तीनों टीमों के बीच एक सुपर सीरीज खेली जाएगी. इस सीरीज की विजेता टीम भी वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करेगी.
कब और कहां होगा वर्ल्ड कप?
2027 वनडे वर्ल्ड कप 4 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक खेला जाएगा. इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर करेंगे.
क्वालीफायर में टीमें कैसे पहुंचेंगी?
आईसीसी ने क्वालीफायर का फॉर्मेट भी तय कर दिया है. 30 सितंबर 2026 तक वनडे रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को छोड़कर सबसे नीचे रहने वाली दो फुल मेंबर टीमें सीधे क्वालीफायर में खेलेंगी.
इसके अलावा क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 (CWC League 2) की टॉप-4 टीमें और वर्ल्ड कप क्वालीफायर प्लेऑफ की टॉप-4 टीमें भी इस टूर्नामेंट में जगह बनाएंगी.
प्लेऑफ का रास्ता भी रहेगा खुला
वर्ल्ड कप क्वालीफायर प्लेऑफ में लीग-2 की सबसे नीचे रहने वाली चार टीमें खेलेंगी. इनके साथ चैलेंज लीग से आने वाली चार टीमें भी शामिल होंगी.
इस प्लेऑफ में जो चार टीमें सबसे बेहतर प्रदर्शन करेंगी, उन्हें मुख्य क्वालीफायर टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलेगा.
वेस्टइंडीज के लिए मुश्किल बढ़ी
वेस्टइंडीज की टीम के लिए इस बार सीधा वर्ल्ड कप खेलना आसान नहीं होगा. फिलहाल टीम वनडे रैंकिंग में 10वें स्थान पर है. वहीं अफगानिस्तान आठवें और आयरलैंड 12वें स्थान पर है.
30 सितंबर 2026 की कट-ऑफ तारीख से पहले वेस्टइंडीज के सिर्फ दो वनडे मैच बाकी हैं. अगर आयरलैंड, अफगानिस्तान को 5-0 या 4-1 से हराता है और वेस्टइंडीज अपने दोनों मैच जीत लेता है, तो उसके पास टॉप-8 में पहुंचकर सीधे वर्ल्ड कप में जगह बनाने का मौका रहेगा.
गौरतलब है कि वेस्टइंडीज 2023 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाया था. ऐसे में इस बार टीम पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव रहेगा.