ICC ODI Ranking: विराट कोहली को झटका! टॉप पर पहुंचा न्यूजीलैंड का यह बल्लेबाज, रोहित को भी नुकसान

आईसीसी की ताज़ा वनडे बल्लेबाज़ रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जिसने क्रिकेट फैंस को चौंका दिया है.

ICC ODI Ranking Daryl Mitchell overtakes Virat Kohli
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

ICC ODI Ranking: आईसीसी की ताज़ा वनडे बल्लेबाज़ रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जिसने क्रिकेट फैंस को चौंका दिया है. भारत के दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली को शीर्ष स्थान से हटना पड़ा है और उनकी जगह न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज़ डेरिल मिचेल ने नंबर-1 का ताज अपने नाम कर लिया है. भारत के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई वनडे सीरीज़ में मिचेल के धमाकेदार प्रदर्शन ने रैंकिंग की तस्वीर पूरी तरह बदल दी.

तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में डेरिल मिचेल न्यूजीलैंड के सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे. उन्होंने इस सीरीज़ में दो शानदार शतक लगाए, जबकि तीसरे मुकाबले में वह शतक से बेहद करीब रह गए.

मिचेल को प्लेयर ऑफ द सीरीज़ चुना गया

पूरी सीरीज़ में मिचेल ने 352 रन बनाए और अपने जबरदस्त प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज़’ चुना गया. उनकी बल्लेबाज़ी की बदौलत न्यूजीलैंड ने भारत की धरती पर पहली बार वनडे सीरीज़ 2-1 से जीतकर इतिहास रच दिया.

कोहली का शानदार फॉर्म, फिर भी नुकसान

हालांकि विराट कोहली का प्रदर्शन भी किसी तरह से कमजोर नहीं रहा. उन्होंने तीनों मुकाबलों में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 240 रन बनाए. पहले वनडे में कोहली ने 93 रनों की अहम पारी खेली, जबकि इंदौर में खेले गए निर्णायक मुकाबले में उन्होंने 108 गेंदों पर 124 रनों की यादगार शतकीय पारी खेलकर फैंस को अपने पुराने क्लासिक अंदाज़ की झलक दिखाई.

इसके बावजूद टीम इंडिया सीरीज़ नहीं जीत सकी और इसका असर सीधे कोहली की रैंकिंग पर पड़ा, जिससे उन्हें एक स्थान नीचे खिसकना पड़ा.

रेटिंग पॉइंट्स ने बदली तस्वीर

आईसीसी की नई वनडे बल्लेबाज़ रैंकिंग के अनुसार,

  • डेरिल मिचेल अब 845 रेटिंग पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर पहुंच गए हैं
  • विराट कोहली 795 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं

दिलचस्प बात यह है कि मिचेल इससे पहले भी कुछ समय के लिए नंबर-1 बने थे, लेकिन तब उनका यह ताज सिर्फ तीन दिन तक ही टिक पाया था. इस बार हालांकि, आगामी शेड्यूल में वनडे मुकाबलों की कमी और टी20 क्रिकेट के लंबे दौर को देखते हुए मिचेल के पास लंबे समय तक टॉप पर बने रहने का सुनहरा मौका है.

बाकी बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में भी बदलाव

आईसीसी की इस ताज़ा सूची में कई अन्य खिलाड़ियों की पोज़िशन में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिला है.

  • अफगानिस्तान के इब्राहिम जदरान तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं
  • रोहित शर्मा एक पायदान फिसलकर चौथे नंबर पर आ गए हैं
  • भारतीय कप्तान शुभमन गिल, सीरीज़ में दो अर्धशतक लगाने के बावजूद, पांचवें स्थान पर बने हुए हैं

वहीं न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स ने आखिरी वनडे में तूफानी शतक लगाकर 16 स्थान की लंबी छलांग लगाई और टॉप-20 बल्लेबाज़ों में अपनी जगह बना ली है.

ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी हलचल

ग्लेन फिलिप्स ने सिर्फ बल्लेबाज़ी ही नहीं, बल्कि ऑलराउंडर्स की वनडे रैंकिंग में भी सुधार किया है. उन्होंने 14 स्थान की छलांग लगाते हुए संयुक्त रूप से 31वां स्थान हासिल किया है.

इस श्रेणी में अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह ओमरजई अब भी पहले स्थान पर बने हुए हैं और उन्होंने अपनी बढ़त बरकरार रखी है.

ये भी पढ़ें- Border 2 Collection: ऑफिस पर 'बॉर्डर 2' की दहाड़, पहले दिन हाउसफुल रहे सिनेमाघर, कितनी हुई कमाई?