Mohsin Naqvi In London: लंदन में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी की कार की गई कड़ी सुरक्षा जांच सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गई है. घटना ब्रिटिश फॉरेन ऑफिस के बाहर हुई, जहां प्रवेश से पहले स्थानीय पुलिस ने उनकी गाड़ी को रोककर गहन तलाशी ली. यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गया. वीडियो देखकर कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया यूजर सवाल उठा रहे हैं कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान के शीर्ष नेताओं के साथ ऐसा व्यवहार क्यों होता है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस अधिकारियों ने मंत्री की गाड़ी को रोककर उसके बोनट, ट्रंक और केबिन, तीनों हिस्सों की बारीकी से जांच की. तलाशी के दौरान मोहसिन नकवी कार के अंदर ही बैठे रहे. अधिकारी कार के नीचे तक झुककर निरीक्षण करते दिखाई दिए.
The status of the leaders of Pakistan’s military regime on the international stage 😬
— برهان الدین | Burhan uddin (@burhan_uddin_0) December 8, 2025
During his entry into the British Foreign Office, the vehicle of Pakistan’s Interior Minister Mohsin Naqvi was thoroughly inspected, and the car’s trunk was also searched to ensure that no… pic.twitter.com/Z3CuZNWrlO
कई यूजर्स का कहना है कि पुलिस ने यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी जांच की कि वाहन में कोई प्रतिबंधित वस्तु, ड्रग्स या विस्फोटक सामग्री न हो. यह सुरक्षा प्रक्रिया भले ही ब्रिटेन में मानक प्रोटोकॉल का हिस्सा हो, लेकिन पाकिस्तान में इसे देश की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जा रहा है.
राजनीति, क्रिकेट प्रशासन और मीडिया के प्रभावशाली चेहरा
मोहसिन नकवी पाकिस्तान की राजनीति और खेल प्रशासन दोनों में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं. फरवरी 2024 में उन्हें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) का चेयरमैन नियुक्त किया गया था. इससे पहले वे जनवरी 2023 से फरवरी 2024 तक पंजाब के कार्यवाहक मुख्यमंत्री रह चुके हैं. उन्हें प्रशासनिक सख्ती और मीडिया बैकग्राउंड के लिए जाना जाता है, वे सिटी मीडिया ग्रुप के संस्थापक भी हैं.
विदेशों में पाकिस्तानी नेताओं की जांच कोई नई बात नहीं
मोहसिन नकवी का यह वीडियो पहली बार नहीं जब किसी पाकिस्तानी शीर्ष नेता को विदेश में सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा हो. इससे पहले भी पाकिस्तान के कई राजनेता, मंत्री और सैन्य अधिकारी अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय देशों की यात्राओं के दौरान कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल का सामना कर चुके हैं. कई मौकों पर उनके बैग, वाहन और आधिकारिक दस्तावेजों की भी गहन जांच की गई है.
सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इन देशों में प्रोटोकॉल सभी पर समान रूप से लागू होते हैं, चाहे कोई अधिकारी कितना ही उच्च पद पर क्यों न हो. हालांकि यह बात पाकिस्तान के भीतर अक्सर आलोचना या अपमान की भावना के रूप में देखी जाती है.
‘हमारे नेताओं की अंतरराष्ट्रीय हैसियत क्या है?’
पाकिस्तान के भीतर इन घटनाओं के राजनीतिक संदर्भ भी हैं. हाल ही में सीनेटर ऐमल वली खान ने संसद में सवाल उठाते हुए पूछा था कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने अमेरिकी राष्ट्रपति को किस ‘अधिकार’ या ‘हैसियत’ से रेयर अर्थ मिनरल का उपहार दिया.
बहस एक तस्वीर के सामने आने के बाद शुरू हुई थी, जिसमें आसिम मुनीर, डोनाल्ड ट्रंप को एक ब्रीफकेस में रखे रंगीन खनिज दिखाते नजर आए. यह उपहार पाकिस्तान के उन खनिज संसाधनों का प्रतीक था जिनमें अमेरिका की बड़ी दिलचस्पी मानी जाती है. विपक्ष का तर्क है कि ऐसे कदम किसी स्वीकृत राजनयिक दायरे में आते हैं या नहीं, इसकी स्पष्टता जरूरी है.
विदेशों में Pak नेताओं के साथ वास्तव में कैसा व्यवहार होता है?
मोहसिन नकवी की कार की तलाशी वाले वीडियो ने देश के भीतर एक बार फिर इस बहस को जन्म दे दिया है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान के नेताओं को किस स्तर का सम्मान या संदेह मिलता है. आलोचकों का कहना है कि विदेशों में पाकिस्तानी अधिकारियों को जिस सख्ती से गुजरना पड़ता है, वह वैश्विक राजनीति और सुरक्षा पर देश की कमजोर छवि को उजागर करता है.
हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना अधिकतर देशों में लागू मानक सुरक्षा प्रथाओं का हिस्सा है और इसे पाकिस्तान से जोड़कर देखना उचित नहीं. फिर भी, इस वीडियो ने पाकिस्तान के भीतर राजनीतिक विमर्श को गर्म कर दिया है कि आखिर विदेशों में नेतृत्व की "हैसियत" का सवाल क्यों बार-बार उठता है.
यह भी पढ़ें- CG Police Result: छत्तीसगढ़ पुलिस कॉन्स्टेबल परीक्षा का रिजल्ट घोषित, ऐसे कर सकते हैं चेक