IPL 2026 Ticket Booking: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 11 मार्च को आईपीएल 2026 के पहले चरण का शेड्यूल जारी किया था. टूर्नामेंट का आयोजन 28 मार्च से होने जा रहा है, और अब क्रिकेट फैंस का ध्यान इस बात पर जा रहा है कि वे इस बार के आईपीएल मैचों के टिकट कहां और कैसे खरीद सकते हैं. हालांकि बीसीसीआई ने अभी तक टिकटों के बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, फिर भी कुछ संकेत मिल रहे हैं, जो फैंस के लिए राहत की खबर साबित हो सकते हैं.
आईपीएल 2026 के टिकट को लेकर बीसीसीआई की चुप्पी
बीसीसीआई ने फिलहाल आईपीएल 2026 के टिकटों के बारे में कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी है. हालांकि, Zomato के District एप पर इंडियन प्रीमियर लीग के टिकट के लिए एक अलग से सेक्शन नजर आ रहा है, जहां "Coming Soon" लिखा हुआ है. इससे यह साफ हो जाता है कि टिकट की बिक्री जल्द ही शुरू हो सकती है, लेकिन अभी तक इसकी कोई तारीख या प्रक्रिया की जानकारी नहीं दी गई है.
मैचों के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन की शुरुआत
IPL 2026 के टिकटों को लेकर सबसे पहले BookMyShow ने प्री-सेल रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस प्री-रजिस्ट्रेशन में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के मैच शामिल हैं. खासकर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले मैचों के लिए रजिस्ट्रेशन खोले गए हैं. हालांकि, प्री-रजिस्ट्रेशन से टिकट मिलने की कोई गारंटी नहीं है, लेकिन इसका फायदा यह है कि आपको पहले टिकट खरीदने का मौका मिल सकता है.
बेंगलुरु में होगा पहला मुकाबला
आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु में खेला जाएगा. हालांकि, बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले मैचों के बारे में 13 मार्च तक स्पष्टता मिल सकती है. शेड्यूल जारी करते वक्त बीसीसीआई ने यह भी बताया था कि बेंगलुरु में होने वाले मैच कर्नाटक सरकार द्वारा बनाई गई विशेषज्ञ समिति की मंजूरी पर निर्भर हैं. इस समिति की मीटिंग 13 मार्च को होगी, जिसमें यह तय किया जाएगा कि स्टेडियम में मैच कराना संभव है या नहीं.
ये भी पढ़ें: शुभमन गिल हासिल करने जा रहे बड़ा मुकाम, BCCI देगा ये खास सम्मान, पूर्व कोच को भी मिलेगा अवॉर्ड