IITian Baba Love Story: प्रयागराज महाकुंभ के दौरान चर्चा में आए ‘आईआईटियन बाबा’ अभय सिंह ग्रेवाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी आध्यात्मिक यात्रा नहीं, बल्कि उनकी लव स्टोरी और शादी है. अभय सिंह ग्रेवाल ने कर्नाटक की रहने वाली प्रीतिका के साथ प्रेम विवाह किया है, और अब दोनों साथ मिलकर आध्यात्म और सनातन से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय हैं.
प्रीतिका पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और अब वे भी अभय के साथ मिलकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे यूट्यूब पर आध्यात्मिक कंटेंट साझा करती हैं. दोनों का रिश्ता साधना और समान विचारधारा से शुरू होकर शादी तक पहुंचा.
झज्जर पहुंचकर शादी पर तोड़ी चुप्पी
अभय सिंह ग्रेवाल हाल ही में अपने गृह जिले झज्जर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपनी शादी और निजी जीवन को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि वे करीब डेढ़ से दो साल बाद घर लौटे हैं.
बातचीत के दौरान उन्होंने यह साफ किया कि उनकी शादी अचानक नहीं हुई, बल्कि उन्होंने पहले ही संकेत दे दिया था कि वे भविष्य में विवाह करेंगे. उन्होंने यह भी बताया कि बैंक खाते की केवाईसी अपडेट के चलते उन्हें डिजिटल पेमेंट ऐप इस्तेमाल करने में दिक्कत आ रही थी, जिसके कारण वे चर्चा में आए.
कोयम्बटूर के आश्रम में हुई पहली मुलाकात
अभय ने अपनी लव स्टोरी के बारे में बताते हुए कहा कि उनकी और प्रीतिका की पहली मुलाकात तमिलनाडु के कोयम्बटूर स्थित एक आश्रम में हुई थी. वे वहां आध्यात्मिक साधना के लिए गए थे, जहां प्रीतिका भी साधना कर रही थीं.
समान सोच और आध्यात्मिक रुचि ने दोनों को करीब लाया. धीरे-धीरे यह जान-पहचान गहरी होती गई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया. करीब एक साल पहले हुई इस मुलाकात के बाद दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया.
आठ महीने में प्यार से शादी तक का सफर
अभय के अनुसार, मुलाकात के लगभग आठ महीने बाद दोनों ने शादी करने का निर्णय लिया. उन्होंने बताया कि उनकी शादी 15 फरवरी 2026 को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित अंजनघर महादेव मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई.
इसके बाद 19 फरवरी 2026 को धर्मशाला में ही उन्होंने कोर्ट मैरिज भी की, जिससे उनका रिश्ता कानूनी रूप से भी पक्का हो गया.
वर्तमान में दोनों धर्मशाला में रह रहे हैं और भविष्य में एक यूनिवर्सिटी स्थापित करने की योजना पर काम कर रहे हैं, जिसमें आध्यात्म और आधुनिक शिक्षा का समन्वय किया जाएगा.
परिवार से मुलाकात और गांव में स्वागत
झज्जर पहुंचने पर अभय सिंह ग्रेवाल ने अपने पिता कर्ण सिंह ग्रेवाल से मुलाकात की, जो पेशे से वकील हैं. इसके बाद वे अपनी पत्नी प्रीतिका के साथ अपने गांव भी पहुंचे, जहां उनकी मां ने पारंपरिक तरीके से बहू का स्वागत किया.
मां ने प्रीतिका की आरती उतारी और मिठाई खिलाकर परिवार में उनका स्वागत किया. अभय के गांव पहुंचने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं.
IIT से अध्यात्म तक का सफर
अभय सिंह ग्रेवाल का जीवन सफर भी काफी दिलचस्प रहा है. उन्होंने आईआईटी बॉम्बे से पढ़ाई की और इसके बाद कनाडा में नौकरी भी की. हालांकि, बाद में उन्होंने भौतिक जीवन को छोड़कर अध्यात्म का मार्ग चुना.
साल 2024 में प्रयागराज महाकुंभ के दौरान वे ‘आईआईटियन बाबा’ के रूप में काफी चर्चा में आए थे. अब उनकी शादी और लव स्टोरी ने उन्हें एक बार फिर खबरों में ला दिया है.
ये भी पढ़ें- अमेरिका का ईरान पर बड़ा हमला, B-2 बॉम्बर से गिराए बंकर-बस्टर बम, IRGC के अंडरग्राउंड ठिकाने तबाह!