हांगकांग में भयंकर आग में अब तक 128 की मौत, 200 से अधिक लोग लापता; सरकार ने पीड़ित परिवारों को दी मदद

हांगकांग में ताई पो स्थित वांग फुक कोर्ट की सात ऊंची इमारतों में लगी भीषण आग ने भीषण तबाही मचाई है. शुक्रवार को तीन दिन से जारी अग्निशमन, बचाव और तलाशी अभियान को रोक दिया गया, लेकिन अब तक इस घटना में मृतकों की संख्या 128 तक पहुँच चुकी है और 200 से अधिक लोग अब भी लापता हैं.

Hong Kong fire till now 128 people died rescue going on government is helping
Image Source: Social Media

हांगकांग में ताई पो स्थित वांग फुक कोर्ट की सात ऊंची इमारतों में लगी भीषण आग ने भीषण तबाही मचाई है. शुक्रवार को तीन दिन से जारी अग्निशमन, बचाव और तलाशी अभियान को रोक दिया गया, लेकिन अब तक इस घटना में मृतकों की संख्या 128 तक पहुँच चुकी है और 200 से अधिक लोग अब भी लापता हैं. हांगकांग पुलिस ने आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है और इस सिलसिले में निर्माण कार्य से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया है.

हांगकांग की विशेष प्रशासनिक क्षेत्र (एचकेएसएआर) सरकार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे अग्निशमन, बचाव और तलाशी अभियान समाप्त कर दिया गया. एचकेएसएआर के सुरक्षा सचिव क्रिस तांग पिंग-क्यूंग ने बताया कि इस अग्निकांड में अब तक 128 लोगों की मौत हो चुकी है. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस द्वारा जांच के दौरान और शव बरामद हो सकते हैं, क्योंकि लापता लोगों के परिवारों द्वारा अपने प्रियजनों की खोज में निरंतर संघर्ष किया जा रहा है.

200 से अधिक लोग लापता, साक्ष्य संग्रह जारी

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, तांग ने कहा कि 200 से अधिक लोग अब भी लापता हैं और उनके परिवार उन्हें ढूंढने के लिए व्याकुल हैं. इस त्रासदी के दौरान, 391 दमकल गाड़ियां, 185 एम्बुलेंस और 2,311 अग्निशमन और एम्बुलेंस कर्मी घटनास्थल पर तैनात थे. एक दमकलकर्मी की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए. तांग ने कहा कि हांगकांग पुलिस बल ने साक्ष्य संग्रह का काम शुरू कर दिया है, और इसमें तीन से चार सप्ताह का समय लग सकता है.

आग कैसे फैली: स्टायरोफोम और शॉर्ट सर्किट का संदेह

अभी तक आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, खिड़कियों के बाहर लगे स्टायरोफोम बोर्ड के कारण आग के फैलने का संदेह जताया जा रहा है. बचे हुए लोगों का आरोप है कि फायर अलार्म सही से काम नहीं कर रहे थे, जिससे उन्हें आग लगने से पहले कोई चेतावनी नहीं मिली. तांग के अनुसार, आग वांग चियोंग हाउस के निचले स्तर पर स्थित परिधि जाल में सबसे पहले लगी थी, जिससे फोम बोर्ड में आग लग गई और यह आग तेजी से दूसरी इमारतों तक फैल गई. शीशे टूटने और जलते हुए बांस के टुकड़ों के गिरने से आग का दायरा और बढ़ गया.

पीड़ितों के परिवारों के लिए सहायता की घोषणा

हांगकांग की सरकार ने पीड़ितों के परिवारों के लिए तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया है. प्रत्येक मृतक के परिवार को 2,00,000 हांगकांग डॉलर (लगभग 25,693 अमेरिकी डॉलर) का अनुदान दिया जाएगा. इसके अलावा, सरकार ने अगले सप्ताह से प्रत्येक प्रभावित परिवार को 50,000 हांगकांग डॉलर का जीवन निर्वाह भत्ता देने की घोषणा की है. गुरुवार शाम से प्रभावित परिवारों की तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के लिए 10,000 हांगकांग डॉलर का आपातकालीन नकद अनुदान भी शुरू किया गया है.

विस्थापित लोगों के लिए अस्थायी आवास

चूंकि इमारतें पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी हैं, अधिकारियों ने बचे हुए लोगों को पास के 1,000 खाली फ्लैट्स में शिफ्ट कर दिया है. यह अस्थायी आवास उन्हें तब तक दिया जाएगा जब तक वे अपनी खोई हुई संपत्ति और घरों को फिर से हासिल नहीं कर पाते.

यह भी पढ़ेंः इमरान खान की बहन ने शहबाज-मुनीर को दी चेतावनी, कहा- बचना मुश्किल होगा...