सर्दियों में बार-बार बंद हो रहे हैं कान? इन असरदार घरेलू उपायों से पाएं 99% तक आराम

जब यूस्टेशियन ट्यूब में सूजन आ जाती है, तब कान बंद जैसा महसूस होने लगता है. इस समस्या से निपटने के लिए कुछ घरेलू उपाय हैं, जिन्हें अपनाकर आप जल्दी राहत पा सकते हैं.

Home remedies for ear congestion in winter and natural ways to relieve blocked ears
Image Source: Freepik

सर्दियों के मौसम में अक्सर लोग कानों में भारीपन या बंदपन की शिकायत करते हैं. खासकर जब सर्दी, जुकाम या मौसम में बदलाव होता है, तो यह समस्या और भी बढ़ जाती है. मेडिकल भाषा में इसे ईयर कंजेशन कहा जाता है. जैसे सर्दी-जुकाम में नाक बंद हो जाती है, वैसे ही जब यूस्टेशियन ट्यूब में सूजन आ जाती है, तब कान बंद जैसा महसूस होने लगता है. इस समस्या से निपटने के लिए कुछ घरेलू उपाय हैं, जिन्हें अपनाकर आप जल्दी राहत पा सकते हैं.

कान बंद होने के लक्षण क्या हैं?

जब कान में दबाव बढ़ता है या यूस्टेशियन ट्यूब सूजन के कारण बंद हो जाती है, तो कान भारी लगने लगता है. इसके अलावा आवाज मफल्ड सुनाई देती है, खिंचाव महसूस होता है, हल्का दर्द या चक्कर भी आ सकते हैं. यह समस्या आमतौर पर सर्दी-जुकाम, नाक बंद होने, एलर्जी, ऊंचाई में बदलाव, कान में वैक्स जमा होने, कान का इन्फेक्शन, या तेज ठंड और धूप के कारण हो सकती है.

कान बंद होने पर क्या करें?

1. थूक निगलें या जम्हाई लें

कान खोलने का सबसे सरल और प्राकृतिक तरीका है थूक निगलना या जम्हाई लेना. जब आप थूक निगलते हैं या जम्हाई लेते हैं, तो यूस्टेशियन ट्यूब खुल जाती है और कान में जमा दबाव संतुलित हो जाता है. इस प्रक्रिया को और तेज करने के लिए आप च्युइंग गम चबाकर या टॉफी चूसकर भी कर सकते हैं.

2. वलसालवा तकनीक अपनाएं

वलसालवा तकनीक एक और प्रभावी तरीका है, जिससे आप कान खोल सकते हैं. इसके लिए, सबसे पहले मुंह बंद करें, फिर नाक को उंगलियों से दबाएं और धीरे-धीरे नाक से हवा बाहर निकालने जैसा दबाव बनाएं. अगर आपको 'पाॅप' जैसी आवाज सुनाई दे, तो समझें कि आपका कान खुल गया है. हालांकि, ध्यान रखें कि इसे बहुत जोर से न करें, क्योंकि यह आपके कान के पर्दे पर असर डाल सकता है.

3. भाप लें

सर्दी या एलर्जी की वजह से यूस्टेशियन ट्यूब में सूजन कम करने के लिए भाप लेना बहुत फायदेमंद होता है. भाप से नाक और गले की सूजन कम होती है, और यूस्टेशियन ट्यूब धीरे-धीरे खुलने लगती है. आप गर्म पानी में नीलगिरी का तेल या अजवाइन भी डाल सकते हैं, ताकि इसका प्रभाव और अधिक बढ़ जाए.

4. नेजल स्प्रे का इस्तेमाल करें

अगर नाक बहुत ज्यादा बंद हो, तो डिकंजेस्टेन्ट नेजल स्प्रे का इस्तेमाल किया जा सकता है. यह न केवल नाक को खोलता है, बल्कि यूस्टेशियन ट्यूब में सूजन को भी कम करता है. हालांकि, इसे सिर्फ कुछ दिनों के लिए इस्तेमाल करें, क्योंकि लंबे समय तक इसे प्रयोग करने से साइड इफेक्ट हो सकते हैं. एलर्जी वाले लोग डॉक्टर की सलाह पर ही नेजल स्टेरॉयड का उपयोग कर सकते हैं.

कान बंद होने की समस्या से बचने के उपाय

सर्दियों में कानों की समस्या से बचने के लिए, सबसे जरूरी है कि आप अपनी सेहत का ख्याल रखें. सर्दी-जुकाम से बचने के लिए आप गर्म कपड़े पहनें और शरीर को गर्म रखें. यदि आपको एलर्जी है, तो उसका इलाज समय रहते कराएं और मौसम के बदलाव के दौरान अपनी नाक और गले का ध्यान रखें. इसके अलावा, कान में वैक्स जमा होने से बचने के लिए नियमित रूप से कानों की सफाई करें, लेकिन ध्यान रखें कि अत्यधिक सफाई भी कानों को नुकसान पहुंचा सकती है.

ये भी पढ़ें: रोजाना फॉलो कर रहे हैं स्किनकेयर रूटीन, फिर भी नहीं दिख रहा असर; इन गलतियों को आज ही सुधारें