दो शादियों के बाद लिव-इन में रह रही थी महिला, चौथे के साथ चला रही थी चक्कर! बॉयफ्रेंड ने की हत्या

हरियाणा के हिसार जिले में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला की उसके बॉयफ्रेंड ने चाकू मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पार्टनर की हत्या कर दी है.

Hisar Woman living in a live-in relationship boyfriend kills over affair suspicion
Image Source: Social Media

हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला की उसके बॉयफ्रेंड ने चाकू मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पार्टनर की हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच जारी है.

पांच साल से साथ रह रहे थे दोनों

मृतका की पहचान 32 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, पूजा पिछले करीब पांच साल से हिसार के शिवनगर इलाके में 28 वर्षीय गौरव के साथ लिव-इन में रह रही थी. बताया जा रहा है कि पूजा की पहले दो शादियां हो चुकी थीं और उसके तीन बच्चे हैं. दूसरी शादी खत्म होने के बाद वह गौरव के साथ रहने लगी थी.

रात में हुआ विवाद, चाकू से किया हमला

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बुधवार देर रात करीब तीन बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. विवाद बढ़ने पर गौरव ने कथित तौर पर पूजा पर चाकू से कई वार किए. महिला के गले, पेट और पीठ पर गंभीर चोटें मिली हैं. पुलिस का कहना है कि ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

खुद पुलिस के पास पहुंचा आरोपी

गुरुवार सुबह करीब 10 बजे गौरव खुद सूर्यनगर पुलिस चौकी पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसकी सूचना पर पुलिस शिवनगर स्थित किराए के मकान पर पहुंची, जहां पूजा का शव कमरे के अंदर मिला. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया और फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए.

दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का था शक

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि पूजा पिछले कुछ महीनों से किसी दूसरे व्यक्ति के संपर्क में थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. पुलिस आरोपी के इस दावे की भी जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है.

मां ने लगाए गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, गौरव ई-रिक्शा चलाता है और करीब दो महीने पहले ही शिव कॉलोनी में किराए के मकान में रहने आया था. वहीं, पूजा की मां संगीता ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि गौरव पूजा से गलत काम करवाता था और अवैध गतिविधियों में शामिल था. उन्होंने यह भी दावा किया कि उसने कम समय में मकान और प्लॉट खरीदे थे. पुलिस ने कहा है कि इन आरोपों की भी जांच की जाएगी.

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है. आरोपी हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- गाजियाबाद में यूपी पुलिस का एक्शन, मोहित शर्मा मर्डर केस के आरोपी का एनकाउंटर, मुठभेड़ में लगी गोली