गाजियाबाद में यूपी पुलिस का एक्शन, मोहित शर्मा मर्डर केस के आरोपी का एनकाउंटर, मुठभेड़ में लगी गोली

गाजियाबाद में मोहित शर्मा हत्याकांड के मुख्य आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है. पुलिस के मुताबिक, थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी गौरव को वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए ले जाया गया था.

UP Police Ghaziabad Mohit Sharma murder case shot in an encounter
Image Source: Social Media

गाजियाबाद में मोहित शर्मा हत्याकांड के मुख्य आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है. पुलिस के मुताबिक, थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी गौरव को वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए ले जाया गया था. इसी दौरान उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया.

2 जुलाई को हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई को मोहित शर्मा को बर्थडे पार्टी के बहाने एक घर बुलाया गया था. वहां उस पर चाकुओं से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. शुरुआती जांच में इस हत्या में छह लोगों के शामिल होने की बात सामने आई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मुख्य आरोपी गौरव समेत अन्य लोगों की पहचान की. इसके बाद 3 जुलाई को गौरव को गिरफ्तार कर लिया गया.

हथियार बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस का कहना है कि आरोपी को हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए शांतिनगर वाटर प्लांट के पास ले जाया गया था. इसी दौरान उसने पुलिस को चकमा देकर पास की झाड़ियों में छिपने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने एक देशी तमंचे से फायरिंग भी की. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया.

इलाज जारी, बाकी आरोपियों की तलाश

घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हत्या में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.