हिमाचल में दिल दहला देने वाला हादसा, गहरी खाई में गिरी पिकअप, मां-बेटे समेत 6 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से शुक्रवार को एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया जिसने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया. रामपुर उपमंडल के दुर्गम काशापाट क्षेत्र में जा रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी.

himachal-rampur-pickup-crash-six-killed-viral-video-tragedy
Image Source: Social Media

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से शुक्रवार को एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया जिसने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया. रामपुर उपमंडल के दुर्गम काशापाट क्षेत्र में जा रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक मां और उसका 10 वर्षीय बेटा भी शामिल हैं. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.

दूध बेचकर लौट रही थी पिकअप

जानकारी के अनुसार, यह पिकअप वाहन रोज की तरह दत्तनगर स्थित मिल्क प्लांट में दूध पहुंचाकर वापस काशापाट की ओर लौट रहा था. शुक्रवार शाम लगभग साढ़े चार बजे जब वाहन ढंढोल के पास पहुंचा, तभी चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया. देखते ही देखते पिकअप सड़क छोड़कर गहरी खाई में गिर गई और नीचे दूसरी सड़क के किनारे जाकर रुकी. हादसा इतना अचानक हुआ कि वाहन में बैठे यात्रियों को संभलने का भी मौका नहीं मिला.

हादसे में किन लोगों ने गंवाई जान

इस भीषण दुर्घटना में आशा कुमारी (42), उनके दस वर्षीय बेटे युगल, वाहन चालक अशोक जैन (32), अभिषेक सानी (23), लायक राम (56) और नितिन (23) की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि आशा कुमारी अपने बेटे के साथ अवकाश होने के कारण अपने मायके काशापाट जा रही थीं. वह एक सरकारी स्कूल में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत थीं.

ग्रामीणों ने शुरू किया राहत अभियान

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं. एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने भी मौके का दौरा किया और हादसे पर गहरा दुख जताया. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने की बात कही है. साथ ही लोगों से पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई.

फेसबुक लाइव के दौरान हुआ हादसा

इस दुर्घटना का एक बेहद भावुक पहलू भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि वाहन में बैठी एक महिला यात्रा के दौरान फेसबुक पर लाइव थीं. वह अपने ननिहाल का रास्ता और आसपास का इलाका दिखाते हुए बातचीत कर रही थीं. इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरा. हादसे के दौरान यात्रियों की चीख-पुकार वीडियो में रिकॉर्ड हो गई. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

क्रैश बैरियर नहीं होने पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली. ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस मार्ग पर सुरक्षा के लिए क्रैश बैरियर लगाए गए होते तो संभव है कि वाहन खाई में गिरने से बच जाता और छह लोगों की जान नहीं जाती. लंबे समय से इस सड़क पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की जा रही थी, लेकिन अब इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर उन मांगों को तेज कर दिया है.

ये भी पढ़ें: सहारनपुर के देहरादून-पंचकूला हाईवे पर दो गाड़ियों में भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत