Earthquake in Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार रात अचानक धरती कांप उठी और लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. रात करीब 10:04 बजे आए भूकंप के झटकों ने शिमला समेत प्रदेश के कई जिलों को हिला दिया. रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5 दर्ज की गई. भूकंप का केंद्र चंबा जिले में बताया गया, जबकि इसकी गहराई केवल 5 किलोमीटर होने के कारण झटके काफी स्पष्ट रूप से महसूस किए गए. अचानक धरती हिलने से लोग घरों और इमारतों से बाहर निकल आए और देर रात तक लोग खुले स्थानों पर खड़े दिखाई दिए.
शिमला से धर्मशाला तक महसूस हुआ असर
भूकंप का प्रभाव चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला सहित कई क्षेत्रों में देखा गया. धर्मशाला में होटलों में ठहरे पर्यटक घबराकर सड़कों पर निकल आए. वहीं चंबा के होली क्षेत्र में एक घर के भीतर दीवार पर लगा एलईडी टीवी और अन्य सामान गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया. कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई. जिला प्रशासन के अनुसार अब तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है, हालांकि स्थानीय स्तर पर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
भूकंप संवेदनशील क्षेत्र है चंबा
विशेषज्ञों के अनुसार चंबा जिला भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में गिना जाता है. यहां पहले भी कई बार भूकंप के झटके दर्ज किए जा चुके हैं. जिला प्रशासन ने बताया कि मुख्यालय के अलावा होली, भरमौर और चुवाड़ी क्षेत्र में भी कंपन महसूस किया गया. राहत की बात यह रही कि इस बार भूकंप से किसी बड़ी दुर्घटना की खबर सामने नहीं आई, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की अहमियत को उजागर कर दिया है.
आखिर क्यों आते हैं भूकंप?
भूकंप धरती की सतह के नीचे होने वाली भूगर्भीय हलचलों का परिणाम होता है. पृथ्वी की बाहरी परत कई टेक्टोनिक प्लेटों में विभाजित है, जो लगातार धीमी गति से खिसकती रहती हैं. जब इन प्लेटों के बीच दबाव बढ़ जाता है और वे अचानक अपनी स्थिति बदलती हैं, तब ऊर्जा के रूप में झटके पैदा होते हैं जिन्हें हम भूकंप के रूप में महसूस करते हैं. जिस स्थान के नीचे यह हलचल होती है उसे भूकंप का केंद्र कहा जाता है. केंद्र के आसपास के क्षेत्रों में इसका प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिलता है, खासकर तब जब भूकंप की गहराई कम हो और तीव्रता अधिक हो.
ये भी पढ़ें: 2060 तक सूख जाएंगे दुनिया के बड़े बांध? रिपोर्ट ने दी 2 अरब लोगों पर जल संकट की चेतावनी