Hero Ki Horroroine: बॉलीवुड में हॉरर और हॉरर-कॉमेडी फिल्मों का क्रेज लगातार बढ़ रहा है. अब इस जॉनर में निर्माता एकता आर कपूर और अमर बुटाला एक नई फिल्म लेकर आ रहे हैं. ‘फ्राइडे द 13th’ के मौके पर मेकर्स ने अपनी आगामी फिल्म ‘हीरो की हॉरॉरोइन’ का टाइटल और पहला पोस्टर जारी कर दिया है. जय हो मीडिया वेंचर्स और बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन साजिद खान कर रहे हैं. फिल्म को 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.
डरावने पोस्टर ने बढ़ाई फिल्म को लेकर उत्सुकता
‘हीरो की हॉरॉरोइन’ का पहला पोस्टर सामने आते ही चर्चा में आ गया है. इसमें अंधेरे और धुएं से भरे माहौल के बीच लाल साड़ी पहने एक खौफनाक महिला दिखाई दे रही है. उसके बिखरे लंबे बाल, डरावना चेहरा, सफेद आंखें, नुकीले दांत और पंजों जैसे हाथ फिल्म के डरावने अंदाज की झलक देते हैं. पोस्टर के साथ जारी मोशन वीडियो भी दर्शकों के मन में फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है. नाम से भले ही यह किसी आम प्रेम कहानी का एहसास कराए, लेकिन इसका पहला लुक हॉरर और मनोरंजन के अलग मेल का संकेत देता है.
यशवर्धन आहूजा और नितांशी गोयल की जोड़ी
मेकर्स ने फिलहाल आधिकारिक तौर पर पूरी स्टारकास्ट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में फिल्म को लेकर कई दिलचस्प जानकारियां सामने आई हैं. खबरों के मुताबिक, अभिनेता गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा इस फिल्म से बड़े पर्दे पर अपने अभिनय करियर की शुरुआत कर सकते हैं. वहीं, ‘लापता लेडीज’ में फूल कुमारी का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली नितांशी गोयल उनके साथ मुख्य भूमिका में नजर आ सकती हैं.
फिल्म में कई जाने-पहचाने चेहरे आने की चर्चा
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में यशवर्धन की मां सुनीता आहूजा भी अहम भूमिका निभा सकती हैं. इनके अलावा चंकी पांडे, जेमी लीवर, बृजेंद्र काला और सिमरत कौर के नाम भी संभावित कलाकारों की सूची में शामिल बताए जा रहे हैं. हालांकि, इन कलाकारों की भूमिकाओं और उनकी मौजूदगी को लेकर मेकर्स की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. अगर ये नाम सही साबित होते हैं, तो फिल्म में नए चेहरों के साथ अनुभवी कलाकारों का दिलचस्प मेल देखने को मिल सकता है.
साजिद खान लंबे समय बाद करेंगे निर्देशन
‘हीरो की हॉरॉरोइन’ के जरिए निर्देशक साजिद खान लंबे समय बाद निर्देशन की दुनिया में वापसी कर रहे हैं. वह इससे पहले ‘हे बेबी’ और ‘हाउसफुल’ जैसी व्यावसायिक सफल फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं. फिल्म का निर्माण एकता कपूर, शोभा कपूर और अमर बुटाला मिलकर कर रहे हैं. अमर बुटाला इससे पहले ‘बजरंगी भाईजान’, ‘केसरी’ और ‘मिशन मजनू’ जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं. ऐसे में इस प्रोजेक्ट से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं.
हॉरर जॉनर में एकता कपूर की नई कोशिश
एकता कपूर और बालाजी टेलीफिल्म्स का हॉरर और सुपरनैचुरल कहानियों से पुराना नाता रहा है. अब ‘हीरो की हॉरॉरोइन’ के जरिए एक बार फिर इस जॉनर में कुछ नया पेश करने की तैयारी है. कंपनी की दूसरी फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी लगातार चर्चा बनी हुई है. फिलहाल फिल्म की कहानी और बाकी कलाकारों से जुड़ी जानकारी सामने आना बाकी है. 2027 में रिलीज होने वाली यह फिल्म दर्शकों को कितना डराती और हंसाती है, इसका पता सिनेमाघरों में आने के बाद ही चलेगा.
ये भी पढ़ें- 11 करोड़ का नुकसान, ससुराल में नया बवाल! भुवन बाम की 'ढिंढोरा 2' का ट्रेलर रिलीज