11 करोड़ का नुकसान, ससुराल में नया बवाल! भुवन बाम की 'ढिंढोरा 2' का ट्रेलर रिलीज

Dhindora Season 2 Trailer: भुवन बाम के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है. उनकी लोकप्रिय वेब सीरीज 'ढिंढोरा' का दूसरा सीजन जल्द ही दर्शकों को हंसाने और गुदगुदाने आ रहा है. मेकर्स ने 'ढिंढोरा सीजन 2' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है.

Dhindora Season 2, Bhuvan Bam, Titu Mama, Sanjeeda Shaikh, Dhindora 2 Trailer
Image Source: Social Media

Dhindora Season 2 Trailer: भुवन बाम के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है. उनकी लोकप्रिय वेब सीरीज 'ढिंढोरा' का दूसरा सीजन जल्द ही दर्शकों को हंसाने और गुदगुदाने आ रहा है. मेकर्स ने 'ढिंढोरा सीजन 2' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है. इस बार टीटू मामा की जिंदगी में एक बार फिर मुसीबतों का पहाड़ टूटने वाला है. खास बात यह है कि नए सीजन में टीवी अभिनेत्री संजीदा शेख की भी एंट्री हुई है, जो टीटू मामा की पत्नी कविता मामी के किरदार में नजर आएंगी. यह सीरीज 20 नवंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.

11 करोड़ के नुकसान के बाद ससुराल पहुंचे टीटू मामा !

'ढिंढोरा 2' की कहानी टीटू मामा की जिंदगी के उसी मोड़ से आगे बढ़ती है, जहां उनके ऊपर 11 करोड़ रुपये के नुकसान का बोझ है. आर्थिक परेशानी के साथ परिवार के रिश्ते भी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. इस संकट से निकलने के लिए टीटू मामा अपने ससुराल वालों से सुलह करने की योजना बनाते हैं, लेकिन उनका यह फैसला एक नई मुसीबत खड़ी कर देता है. ट्रेलर में देसी कॉमेडी, मजेदार डायलॉग्स, अनोखे एक्शन सीक्वेंस और गाने-बजाने का जबरदस्त मेल देखने को मिल रहा है. टीटू मामा की हरकतें इस बार भी परिवार के लिए नई परेशानी खड़ी करती नजर आ रही हैं.

संजीदा शेख की हुई एंट्री, बनेंगी कविता मामी

इस सीजन का सबसे बड़ा आकर्षण अभिनेत्री संजीदा शेख हैं. वह टीटू मामा की पत्नी कविता मामी के किरदार में नजर आएंगी. उनकी एंट्री से सीरीज की कहानी में नया ट्विस्ट आने की उम्मीद है. टीटू मामा और उनके ससुराल वालों के बीच होने वाली नोकझोंक दर्शकों के लिए खास मनोरंजन लेकर आ सकती है. वहीं, भुवन बाम एक बार फिर टीटू मामा, बबलू जी, जानकी, समीर और बंचो समेत अपने कई लोकप्रिय किरदारों में दिखाई देंगे. यानी 'बीबी की वाइन्स' की वही पुरानी दुनिया नए हंगामे के साथ लौट रही है.

भुवन बाम बोले- टीटू मामा के साथ शांति मुमकिन नहीं

सीरीज को लेकर भुवन बाम ने अपनी खुशी जाहिर की है. उनका कहना है कि जब उन्होंने इन किरदारों को पहली बार बनाया था, तो उनकी कोशिश थी कि वे थोड़े अनोखे होने के साथ-साथ दर्शकों को अपने से लगें. यही 'बीबी की वाइन्स' की असली पहचान है. भुवन के मुताबिक, टीटू मामा हमेशा ऐसी परिस्थितियों में फंस जाते हैं, जिन्हें उन्होंने कभी खुद नहीं चुना होता. इस बार वह अपने ससुराल वालों से सुलह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इससे जुड़ी परेशानियां भी कम नहीं हैं. उन्होंने कहा कि नेटफ्लिक्स के साथ जुड़ने से इस दुनिया को बड़े स्तर पर पेश करने का मौका मिला है. सीजन 2 में पहले से ज्यादा हंगामा और कॉमेडी देखने को मिलेगी.

स्नेहा शेट्टी कोहली ने किया निर्देशन

'ढिंढोरा सीजन 2' का निर्देशन स्नेहा शेट्टी कोहली ने किया है. यह उनका डायरेक्टोरियल डेब्यू प्रोजेक्ट है. सीरीज का निर्माण रोहित राज और भुवन बाम ने मिलकर किया है. इसकी कहानी और संवाद भुवन बाम के साथ अब्बास दलाल, हुसैन दलाल, चेतन डांगे, गोपाल दत्त, शुभम दुबे और अनंत दुबे ने लिखे हैं.

कब और कहां देख सकेंगे 'ढिंढोरा 2'?

'ढिंढोरा सीजन 2' 20 नवंबर 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी. ट्रेलर सामने आने के बाद से ही फैंस नए सीजन को लेकर उत्साहित हैं. अब देखना होगा कि 11 करोड़ के नुकसान और ससुराल के नए ड्रामे के बीच टीटू मामा इस बार कौन-कौन सी मुश्किलों में फंसते हैं.