Monsoon News: उत्तर भारत में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और आसपास के कई इलाकों में नदियां उफान पर हैं. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है. बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कई जिलों में 10 जुलाई (शुक्रवार) को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है.
यूपी के इन जिलों में स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ और गाजियाबाद में शुक्रवार को स्कूल बंद रहेंगे. गाजियाबाद जिला प्रशासन ने भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए नर्सरी से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. प्रशासन ने कहा है कि मौसम को देखते हुए अभिभावक स्कूल की ओर से जारी होने वाली जानकारी पर नजर रखें.
उत्तराखंड में भी स्कूलों की छुट्टी
उत्तराखंड में भी लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग की चेतावनी के बाद देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल में पहले भी स्कूल बंद किए गए थे. अब शुक्रवार, 10 जुलाई को पौड़ी गढ़वाल में सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है. अगर मौसम खराब रहता है तो दूसरे जिलों में भी छुट्टी का फैसला लिया जा सकता है.
मौसम विभाग का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें. बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, क्योंकि आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहता है.
गाजियाबाद में अब भी बने हुए हैं खराब हालात
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार रात से लगातार बारिश हुई. इसके बाद गाजियाबाद में कई जगह जलभराव हो गया. हालात को देखते हुए गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है.
मुंबई में खुले स्कूल-कॉलेज
मुंबई में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही थी, जिससे कई इलाकों में पानी भर गया था. बारिश के कारण कई हादसे भी हुए थे. इसी वजह से स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए थे. अब बारिश कम होने और हालात सामान्य होने के बाद मुंबई में स्कूल और कॉलेज फिर से खोल दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें- Delhi AQI: 3 साल बाद दिल्ली ने ली सुकून की सांस! AQI पहुंचा 48, मानसून ने बदली आबोहवा