गुरुग्राम में भारी बारिश का असर, दफ्तरों में WFH और स्कूलों में ऑनलाइन क्लास की सलाह, जानें पूरी जानकारी

Gurugram WFH: गुरुग्राम में भारी बारिश के चलते मंगलवार, 25 अगस्त को दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम की सलाह जारी की गई है. जलभराव और ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने यह एडवाइजरी जारी की है.

heavy rain in Gurugram Advisory issued for WFH in offices online classes for schools
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Gurugram WFH: गुरुग्राम में भारी बारिश के चलते मंगलवार, 25 अगस्त को दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम की सलाह जारी की गई है. जलभराव और ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने यह एडवाइजरी जारी की है.

जिला उपायुक्त और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष उत्तम सिंह ने सभी सरकारी और निजी संस्थानों के साथ कॉरपोरेट दफ्तरों को कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहने की सलाह दी है. स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को भी कक्षाएं ऑनलाइन कराने की सलाह दी गई है.

ट्रैफिक कम करना है मकसद

वर्क फ्रॉम होम की सलाह का मुख्य मकसद सड़कों पर वाहनों की संख्या कम करना है, ताकि भारी बारिश के दौरान ट्रैफिक जाम से बचा जा सके. इसके साथ ही सड़कों और नालियों की सफाई व मरम्मत का काम भी आसानी से किया जा सके.

कई इलाकों में भरा पानी

भारी बारिश के बाद दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, गोल्फ कोर्स रोड, साइबर हब, सिग्नेचर टावर, शंकर चौक और सेक्टर-57 समेत कई इलाकों में पानी भर गया. इसके कारण कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और लंबा जाम लग गया.

पुरानी न्यू कॉलोनी, सेक्टर-4, सेक्टर-5 और सेक्टर-8 में भी सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई. द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा.

50 मिनट में तय हुआ कुछ किलोमीटर का रास्ता

बारिश और जाम का असर इस कदर रहा कि सिग्नेचर टावर से हीरो होंडा चौक तक पहुंचने में करीब 50 मिनट लग गए. साइबर हब के पास गेटवे टावर मेट्रो स्टेशन के सामने एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया.

शीतला माता रोड पर भी जलभराव की स्थिति गंभीर रही. प्रशासन की कोशिश है कि बारिश के दौरान ट्रैफिक का दबाव कम रखा जाए और जलभराव वाले इलाकों में जरूरी काम तेजी से किया जा सके.

ये भी पढ़ें- Raksha Bandhan 2026: 28 अगस्त को बंधेगी राखी, जानें शुभ मुहूर्त और भद्रा का पूरा समय