Delhi Weather Update: तेज धूप और बढ़ती गर्मी से परेशान दिल्ली और उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली है. बारिश, तेज हवाओं और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार रविवार 15 मार्च को दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई थी.
सुबह से ही दिल्ली-NCR के कई इलाकों में गरज के साथ तेज हवाएं चल रही हैं. हवा की रफ्तार करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई, जबकि कुछ झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचे. अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिल्ली के मयूर विहार, आनंद विहार और न्यू अशोक नगर जैसे इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी देखी गई.