देहरादून में बादल फटने से भारी तबाही, 100 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू, दो अब भी लापता

Dehradun Cloudburst: सोमवार रात उत्तराखंड की राजधानी उस वक्त दहशत में घिर गई, जब सहस्त्रधारा के कार्लीगाड क्षेत्र में अचानक बादल फट गया. भारी बारिश और तेज़ पानी के बहाव ने देखते ही देखते इलाके की शक्ल बदल दी, बाजारों में मलबा घुस आया, दुकानों के साथ होटल बहने लगे, और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नज़र आए.

Heavy destruction due to cloudburst in Dehradun more than 100 people rescued
Image Source: Social Media

Dehradun Cloudburst: सोमवार रात उत्तराखंड की राजधानी उस वक्त दहशत में घिर गई, जब सहस्त्रधारा के कार्लीगाड क्षेत्र में अचानक बादल फट गया. भारी बारिश और तेज़ पानी के बहाव ने देखते ही देखते इलाके की शक्ल बदल दी, बाजारों में मलबा घुस आया, दुकानों के साथ होटल बहने लगे, और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नज़र आए.

इस आपदा के बीच राहत की बात ये रही कि करीब 100 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया, लेकिन दो लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए SDRF और NDRF की टीमें युद्ध स्तर पर जुटी हैं.

मुख्यमंत्री ने दी संवेदना, बचाव कार्य की निगरानी में खुद जुटे

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा, “देहरादून के सहस्त्रधारा में अतिवृष्टि से हुई क्षति की दुखद सूचना मिली है. मैं लगातार जिला प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहा हूं. ईश्वर से सभी के सुरक्षित होने की प्रार्थना करता हूं.” राज्य सरकार ने मंगलवार को देहरादून के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है, ताकि किसी भी तरह के खतरे से बचा जा सके.

होटल, दुकानें, सड़कें बर्बाद

सहस्त्रधारा बाजार में आई बाढ़ जैसी स्थिति से तीन बड़े होटल और कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं. कार्लीगाड क्षेत्र में रात करीब 11:30 बजे बादल फटने के बाद भारी मलबा बाजार में घुस आया, जिससे करीब 100 लोग फंस गए थे. उन्हें स्थानीय ग्रामीणों और रेस्क्यू टीमों की मदद से सुरक्षित निकाला गया. आईटी पार्क के पास भी भारी मात्रा में मलबा आया, जिससे सांग नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया. पुलिस और प्रशासन ने आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है. लोगों को नदियों और नालों के पास न जाने की चेतावनी दी गई है.

हरिद्वार-देहरादून हाईवे भी प्रभावित

फन वैली और उत्तराखंड डेंटल कॉलेज के पास पुल क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे हरिद्वार-देहरादून रूट पर आवागमन बाधित हुआ. मालदेवता में पुल की एप्रोच रोड टूटने के कारण भी कई गांवों का संपर्क टूट गया है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में, लेकिन खतरा टला नहीं रेस्क्यू टीमें पूरी मुस्तैदी से काम कर रही हैं. अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दो लोग अब भी लापता हैं. जिला प्रशासन सतर्क है और लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए है.

यह भी पढ़ें- अचानक इस जहाज पर ट्रंप ने करवा दी मिलिट्री स्ट्राइक, जानें आखिर किस बात पर अमेरिकी राष्ट्रपति को आया गुस्सा