Heatwave Safety Tips: मार्च की शुरुआत होते ही देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर दिखने लगा है. राजस्थान, हरियाणा और बिहार जैसे राज्यों में तो स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है, जहाँ दोपहर के समय सूरज की तेज़ धूप सहन करना मुश्किल हो जाता है. अगर मौसम इसी तरह से गर्म होता रहा तो लू और हीट स्ट्रोक के मामले तेजी से बढ़ सकते हैं. ऐसे में यह बेहद जरूरी है कि हम अपने शरीर की सेहत का ख्याल रखें और गर्मी से बचने के लिए जरूरी कदम उठाएं.
शरीर गर्मी से कैसे निपटता है?
गर्मी में शरीर को ठंडा रखने के लिए कई प्राकृतिक प्रक्रियाएं सक्रिय होती हैं. शारदा हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन डिपार्टमेंट के प्रोफेसर डॉ. भुमेश त्यागी के अनुसार, शरीर का सामान्य तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस बनाए रखने की कोशिश करता है. जब बाहरी तापमान बढ़ता है, तो शरीर पसीने के जरिए खुद को ठंडा करने की कोशिश करता है. पसीना बहने से शरीर से अधिक तापमान बाहर निकलता है, और रक्त वाहिकाएं फैलकर शरीर के तापमान को संतुलित करती हैं. हालांकि, अगर यह प्रक्रिया नियंत्रण से बाहर हो जाए, तो शरीर के लिए नुकसानदायक स्थितियाँ उत्पन्न हो सकती हैं, जैसे हीट स्ट्रोक और लू लगना.
गर्मी से जुड़ी समस्याएं
गर्मी का असर सिर्फ शरीर के तापमान पर नहीं पड़ता, बल्कि यह हमारी सेहत को भी प्रभावित करता है. गर्मी में शरीर अधिक पसीना बहाता है, जिससे शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है. यह स्थिति डिहाइड्रेशन का कारण बन सकती है. इसके अलावा, लू और हीट स्ट्रोक के मामले भी बढ़ सकते हैं. इन समस्याओं से बचने के लिए हमें शरीर की सही देखभाल करनी चाहिए.
हीट स्ट्रोक और लू के लक्षण
जब शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला जाता है, तो हीट स्ट्रोक का खतरा उत्पन्न होता है. इस स्थिति में व्यक्ति को भ्रम, तेज़ दिल की धड़कन, गरम और सूखी त्वचा, दौरे पड़ने, और कभी-कभी बेहोशी भी हो सकती है. शरीर के अंदर का तापमान पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो पाता और इससे दिमाग, हृदय और किडनी पर बुरा असर पड़ सकता है. डिहाइड्रेशन की वजह से ब्लड सर्कुलेशन में भी कमी आ जाती है, जिससे शरीर की मुख्य अंगों को नुकसान हो सकता है.
लू और हीट स्ट्रोक से बचने के उपाय
गर्मी से बचने के लिए सबसे पहला और अहम उपाय है शरीर को हाइड्रेट रखना. दिन भर पानी पीते रहें और पानी से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करें. बाहर निकलते समय हल्के और ढीले कपड़े पहनें, ताकि शरीर को ठंडक मिल सके. दिन के सबसे गर्म वक्त में, यानि दोपहर में बाहर निकलने से बचें. अगर बाहर जाना अनिवार्य हो, तो छाता, गमछा या चश्मा जरूर इस्तेमाल करें. हवादार और ठंडी जगहों पर रहें, ताकि शरीर का तापमान नियंत्रण में रहे.
ये भी पढ़ें: गर्मी में पसीने की बदबू से हैं परेशान? ये 7 आसान उपाय दिलाएंगे राहत