Nepal Lipulekh Border Dispute: भारत और नेपाल के रिश्ते को हमेशा से “रोटी-बेटी का रिश्ता” कहा जाता रहा है. दोनों देशों के बीच लोगों का आना-जाना, शादी-ब्याह और पारिवारिक संबंध बहुत पुराने और मजबूत हैं. लेकिन अब नए कस्टम नियमों की वजह से इन रिश्तों पर आर्थिक बोझ बढ़ता दिख रहा है.
नेपाल की स्थानीय प्रशासन व्यवस्था के तहत कस्टम नियमों को पहले से ज्यादा सख्त कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि काठमांडू के प्रशासन से जुड़े फैसलों के बाद सीमा पर जांच और टैक्स प्रक्रिया को कड़ा किया गया है. अब भारत से नेपाल जाने वाले लोगों को हर सामान पर ध्यान देना पड़ रहा है, चाहे वह छोटा उपहार ही क्यों न हो.
100 रुपये से ज्यादा सामान पर टैक्स जरूरी
नए नियम के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति भारत से नेपाल जाते समय 100 भारतीय रुपये से ज्यादा का सामान ले जाता है, तो उसे कस्टम टैक्स देना होगा. इसका सीधा असर शादी-ब्याह के सीजन में देखने को मिल रहा है, क्योंकि लोग मिठाई, कपड़े और शगुन का सामान लेकर सीमा पार जाते हैं.
रक्सौल-बीरगंज बॉर्डर पर बढ़ी परेशानी
रक्सौल-बीरगंज बॉर्डर पर हर दिन हजारों लोग आवाजाही करते हैं. यहां अब लंबी जांच और टैक्स प्रक्रिया की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके परिवारों में कई शादियां सीमा पार हुई हैं, ऐसे में उपहार लेकर जाना अब मुश्किल हो गया है.
लोगों में नाराजगी और सवाल
सीमा पर रहने वाले लोगों का कहना है कि अपनों से मिलने या शादी में जाने के लिए अब टैक्स देना पड़ रहा है, जो उनके लिए बहुत भारी पड़ रहा है. लोग यह भी सवाल उठा रहे हैं कि क्या अब रिश्तेदारी निभाने के लिए भी सरकार को टैक्स देना होगा.
रक्सौल बाजार पर बड़ा असर
इस फैसले का सबसे ज्यादा असर बिहार के रक्सौल बाजार पर देखने को मिला है. यह बाजार लंबे समय से नेपाली ग्राहकों पर निर्भर था. अब टैक्स और सीमा जांच की वजह से नेपाल के ग्राहक कम आने लगे हैं, जिससे दुकानों में भीड़ घट गई है और व्यापार पर असर पड़ा है. दुकानदारों का कहना है कि उनका ज्यादातर कारोबार नेपाल से आने वाले ग्राहकों पर ही चलता था, लेकिन अब बिक्री काफी कम हो गई है.
बीरगंज में भी नहीं सुधरी स्थिति
दूसरी तरफ नेपाल के बीरगंज में भी व्यापारियों की स्थिति बेहतर नहीं है. यहां सरकार की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के चलते कई दुकानों पर बुलडोजर चला दिया गया है. इस वजह से स्थानीय व्यापार पहले से ही कमजोर चल रहा है और उम्मीद के बावजूद कारोबार में सुधार नहीं हुआ.
शादी-ब्याह में बढ़ी मुश्किलें
अब शादी-ब्याह के मौके पर भारत से नेपाल जाने वाले लोगों को हर सामान पर टैक्स और जांच से गुजरना पड़ता है. इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है. मिठाई, कपड़े और गिफ्ट लेकर जाना अब पहले जितना आसान नहीं रहा.
ये भी पढ़ें- हिज्बुल्लाह के इस नए हथियार ने इजरायल की बढ़ाई टेंशन, IDF को बना रहा निशाना; जानें खासियत