Sunday Remedies: रविवार को दोपहर 1 बजकर 7 मिनट तक हस्त नक्षत्र का प्रभाव रहेगा. ज्योतिष शास्त्र में हस्त को 27 नक्षत्रों में 13वां स्थान प्राप्त है. इसका संबंध हाथ और हथेली से माना जाता है, जिसे कर्म और भाग्य का प्रतीक भी माना जाता है. हस्त नक्षत्र के स्वामी चंद्रमा हैं और इस नक्षत्र में भगवान शिव की पूजा का भी विशेष महत्व बताया गया है. मान्यता है कि इस दौरान कुछ विशेष उपाय करने से जीवन में चल रही परेशानियों को दूर करने और सुख-समृद्धि के रास्ते खोलने में मदद मिल सकती है.
धन की परेशानी दूर करने का उपाय
अगर आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाना चाहते हैं और घर में धन की कमी न रहे, तो हस्त नक्षत्र में चांदी की अंगूठी बनवाकर दाएं हाथ की उंगली में धारण करने की मान्यता है. ज्योतिष के अनुसार, यह उपाय आर्थिक समृद्धि के लिए शुभ माना जाता है.
मानसिक तनाव से राहत के लिए
लगातार मानसिक परेशानी या बेचैनी बनी रहती है तो हस्त नक्षत्र में मिट्टी के दीये में दो कपूर जलाएं. इसके बाद पूरे कमरे में कपूर की धूप दिखाकर दीये को कमरे के एक कोने में रख दें. मान्यता है कि इससे नकारात्मकता कम करने और मन को शांत रखने में सहायता मिल सकती है.
परीक्षा में सफलता के लिए उपाय
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए भी हस्त नक्षत्र में एक खास उपाय बताया गया है. इसके लिए रीठा के पेड़ की जड़ में जल अर्पित करें और पेड़ की जड़ को छूकर सफलता की प्रार्थना करें. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ऐसा करने से कार्य में सफलता के लिए सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है.
खर्च पर नियंत्रण के लिए करें ये काम
अगर आमदनी होने के बावजूद पैसे टिक नहीं पाते या अनावश्यक खर्च बढ़ गया है, तो हस्त नक्षत्र में रीठा के पेड़ के पास जाकर प्रणाम करें. इसके बाद चंद्रमा के मंत्र 'ॐ श्रां श्रीं श्रौं सः चन्द्रमसे नमः' का 5 बार जाप करें. ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, यह उपाय आर्थिक स्थिरता के लिए किया जा सकता है.
सुख-समृद्धि के लिए घर में रखें शंख
घर में लंबे समय तक सुख और समृद्धि बनाए रखने के लिए हस्त नक्षत्र में श्वेत दक्षिणावर्ती शंख की स्थापना करने की मान्यता है. रोजाना पूजा के समय शंख का उपयोग करना भी शुभ माना जाता है.
परिवार में बढ़ेगा आपसी सामंजस्य
अगर परिवार के सदस्यों के बीच अक्सर मतभेद या मनमुटाव रहता है, तो हस्त नक्षत्र में घर के बाहर रीठे का पेड़ लगाने का उपाय बताया गया है. पेड़ की नियमित देखभाल करने से परिवार में सकारात्मक वातावरण और आपसी सामंजस्य बढ़ने की धार्मिक मान्यता है.
आर्थिक परेशानियों से छुटकारे का उपाय
अगर लगातार मेहनत के बाद भी आर्थिक परेशानियां खत्म नहीं हो रही हैं या काम में बार-बार असफलता मिल रही है, तो हस्त नक्षत्र में सफेद कोरा कागज लेकर उस पर चार कपूर की टिकिया रखें. शाम के समय इसे घर के बाहर जलाने का उपाय बताया गया है.
विदेश जाने में आ रही अड़चन होगी दूर
विदेश जाने की योजना बना रहे हैं, लेकिन बार-बार किसी न किसी वजह से अड़चन आ रही है, तो हस्त नक्षत्र में सफेद कपड़े में चावल और थोड़ी मिश्री बांधकर बहते जल में प्रवाहित करने की मान्यता है. इसे विदेश यात्रा में आने वाली बाधाओं को दूर करने के उपाय के तौर पर बताया जाता है.
कारोबार में धन लाभ के लिए
अगर आपका कारोबार दूसरे शहर या राज्य में है और उम्मीद के मुताबिक लाभ नहीं मिल रहा है, तो हस्त नक्षत्र में सफेद सुगंधित फूलों वाला पौधा गमले में लगाकर ऑफिस में रखें. ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, गमले को ऑफिस की पूर्व दिशा में रखना कारोबार के लिए शुभ माना जाता है.
नए वाहन या बिजनेस के लिए शुभ उपाय
नया वाहन खरीदने या नया कारोबार शुरू करने की योजना बना रहे हैं तो हस्त नक्षत्र को इसके लिए उपयोगी माना जाता है. काम शुरू करने से पहले घर में चांदी की कोई वस्तु लाने या चांदी का चौकोर टुकड़ा अपने पास रखने का उपाय किया जा सकता है.
वास्तु दोष से राहत के लिए
अगर घर में वास्तु दोष के कारण परेशानियां बनी हुई हैं, तो हस्त नक्षत्र में शिव मंदिर जाकर शिवलिंग पर दूध अर्पित करें और घर की समस्याओं के समाधान के लिए भगवान शिव से प्रार्थना करें. धार्मिक मान्यताओं में इस उपाय को वास्तु संबंधी परेशानियों से राहत के लिए शुभ माना गया है.
कारोबार में सफलता और लाभ के लिए
कारोबार में लगातार मेहनत के बावजूद मनचाहा लाभ नहीं मिल रहा है तो हस्त नक्षत्र में सवा किलो चावल या चांदी का दान करने की मान्यता है. इसके साथ ही संभव हो तो हस्त नक्षत्र के दौरान गले में सफेद फूलों की माला धारण करें. माना जाता है कि इससे कारोबार में सकारात्मकता और उन्नति के रास्ते खुल सकते हैं.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. भारत 24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.
ये भी पढ़ें- कुंभ की लव लाइफ में बजेगी प्यार की घंटी, इन राशियों की लव लाइफ में बढ़ेगा रोमांस, जानें 12 राशियों का हाल