Harmanpreet Kaur: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी. जून 2022 में मिताली राज के संन्यास के बाद हरमनप्रीत ने तीनों फॉर्मेट में टीम की कमान संभाली थी. उनकी कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने पहली बार वनडे विश्व कप का खिताब जीता. भारत ने 2025 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया था, जबकि सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को मात दी थी.
हरमनप्रीत ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट के जरिए कप्तानी छोड़ने की बात कही. उन्होंने लिखा कि यह उनके लिए आसान फैसला नहीं था. कप्तानी के इस सफर में कई यादें, भावनाएं और ऐसे पल रहे, जो हमेशा उनके साथ रहेंगे. उन्होंने कहा कि उन्होंने टीम और भारतीय महिला क्रिकेट के लिए अपना पूरा समय और मेहनत दी. कई बार टीम को प्राथमिकता देते हुए उन्हें अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं और प्रदर्शन को भी पीछे रखना पड़ा.
कप्तान के तौर पर लेने पड़े मुश्किल फैसले
हरमनप्रीत ने कहा कि कप्तान रहते हुए उन्हें कई ऐसे फैसले लेने पड़े, जो आसान नहीं थे. कुछ फैसलों को समझना मुश्किल था और कई बार उन्हें इसकी व्यक्तिगत कीमत भी चुकानी पड़ी. हालांकि, उनके हर फैसले का मकसद टीम को बेहतर बनाना और खिलाड़ियों को खुद पर भरोसा करने का मौका देना था.
उन्होंने कहा कि कप्तानी के दौरान उन्होंने टीम के मुश्किल दौर भी देखे. हार, निराशा, आलोचना और संदेह के बीच ऐसे दिन भी आए जब चीजें उनके पक्ष में नहीं रहीं. वहीं दूसरी तरफ जीत, जश्न और देश के लिए खेलने का गर्व भी मिला. उनके मुताबिक कुछ ऐसे पल भी आए जब लगा कि टीम के लिए किए गए सभी त्याग सफल हो गए.
शांति के साथ छोड़ रही हूं कप्तानी
हरमनप्रीत ने कहा कि वह भावुक होकर, लेकिन पूरी शांति के साथ कप्तानी से हट रही हैं. उन्हें भरोसा है कि भारतीय महिला टीम इस समय अच्छी स्थिति में है. उन्होंने टीम में मौजूद प्रतिभा, भरोसे और भविष्य को लेकर भी खुशी जताई.
उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि उन्हें भारतीय महिला क्रिकेट की अगुवाई करने का मौका मिला. हरमनप्रीत ने टीम की साथी खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ, मैनेजमेंट, बीसीसीआई, परिवार और फैंस का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने अच्छे और मुश्किल समय में उनका साथ दिया.
अब आगे बढ़ने का समय
हरमनप्रीत ने कहा कि अब उनके लिए आगे बढ़ने का समय आ गया है. उन्होंने साफ किया कि कप्तानी खत्म होने के बावजूद भारतीय क्रिकेट के लिए उनका प्यार हमेशा बना रहेगा. उन्होंने कहा कि अब वह फिर से सिर्फ खेल के प्यार के लिए खेलने पर ध्यान देना चाहती हैं.
उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा कि कप्तानी का सफर खत्म हुआ है, लेकिन उनका क्रिकेट का सफर अभी जारी है.