Hardik Pandya Murali Karthik Viral Video: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली. मैदान पर जहां भारतीय बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड की गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा दीं, वहीं मैच से पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और पूर्व क्रिकेटर मुरली कार्तिक एक-दूसरे से बातचीत करते नजर आ रहे हैं.
यह वीडियो रायपुर में खेले गए इसी मुकाबले से जुड़ा बताया जा रहा है. सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, हालांकि वीडियो में किसी तरह की आवाज नहीं है, जिससे पूरे मामले पर सस्पेंस बना हुआ है.
वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल क्लिप में हार्दिक पंड्या प्रैक्टिस किट पहने हुए, हाथ में बल्ला और ग्लव्स लिए मैदान की ओर जाते दिखाई देते हैं. इसी दौरान उनकी मुलाकात कमेंट्री पैनल में शामिल मुरली कार्तिक से होती है. दोनों पहले हाथ मिलाते हैं और फिर कुछ देर तक बातचीत करते नजर आते हैं. वीडियो को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि मुरली कार्तिक हार्दिक से किसी मुद्दे पर बात कर रहे हैं और उन्हें समझाने या शांत करने की कोशिश कर रहे हैं. हार्दिक की बॉडी लैंग्वेज को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. हालांकि, बिना ऑडियो के यह साफ तौर पर कहना मुश्किल है कि बातचीत किस विषय पर थी या फिर वास्तव में कोई बहस हुई भी थी या नहीं.
Heated exchange between Hardik Pandya and Murali Kartik? Thoughts? 👀 pic.twitter.com/PsKs2ia7TF
— Sameer Allana (@HitmanCricket) January 23, 2026
मैच में हार्दिक पंड्या का योगदान
मैच की बात करें तो हार्दिक पंड्या को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला, क्योंकि शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने ही लक्ष्य को आसान बना दिया था. गेंदबाजी में जरूर उन्होंने टीम के लिए अहम भूमिका निभाई. हार्दिक ने तीन ओवर गेंदबाजी करते हुए 25 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया. उन्होंने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मार्क चैपमैन को आउट किया, जो सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. उनकी गेंदबाजी किफायती रही और टीम की जीत में योगदान दिया.
सूर्यकुमार–ईशान की तूफानी पारियों से भारत की बड़ी जीत
भारतीय टीम की जीत के हीरो कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन रहे. सूर्यकुमार ने नाबाद 82 रन, जबकि ईशान किशन ने 76 रन की आक्रामक पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और तेजी से लक्ष्य की ओर टीम को पहुंचाया. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाए थे, लेकिन भारत ने महज 15.2 ओवर में तीन विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया. टीम इंडिया ने 28 गेंद शेष रहते मुकाबला जीतकर टी20 इंटरनेशनल में 200 से अधिक रन का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत का नया रिकॉर्ड भी बना दिया.इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम था, जिसने पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ 205 रन का लक्ष्य 24 गेंद बाकी रहते हासिल किया था.
यह भी पढ़ें: 14 साल का तूफान फिर मचाएगा तबाही! आज न्यूजीलैंड के खिलाफ एक्शन में वैभव सूर्यवंशी, जानिए मैच का पूरा शेड्यूल