Hanuman Ansh Collection: बॉक्स ऑफिस पर बड़े सितारों और भारी बजट वाली फिल्मों के बीच एक ऐसी फिल्म लगातार अपनी पकड़ मजबूत किए हुए है, जिसकी सफलता ने ट्रेड को भी चौंका दिया है. नीम करोली बाबा की जिंदगी से प्रेरित बायोग्राफिकल डिवोशनल फिल्म ‘हनुमान अंश’ छठे हफ्ते में भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही है. फिल्म ने हालिया रिलीज ‘मिर्जापुर द मूवी’ और अक्षय कुमार की ‘हैवान’ जैसी फिल्मों को भी कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है.
2 करोड़ के बजट में बड़ी कामयाबी
‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसके बाद ‘आवारापन 2’, ‘बंटवारा 1947’ और ‘टॉक्सिक’ जैसी फिल्मों ने दस्तक दी, लेकिन कम बजट में बनी इस फिल्म की रफ्तार पर कोई खास असर नहीं पड़ा. महज करीब 2 करोड़ रुपये के बजट और बिना किसी बड़े ए-लिस्ट स्टार के बावजूद फिल्म लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है.
छठे हफ्ते में भी करोड़ों की कमाई
फिल्म की कमाई का सिलसिला छठे हफ्ते में भी जारी है. सैकनिल्क के मुताबिक, रिलीज के 36वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 9 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इसके साथ ही फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 172 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 200 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है.
‘हैवान’ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ से आगे निकली
दिलचस्प बात यह है कि नई रिलीज फिल्मों के बावजूद ‘हनुमान अंश’ का दबदबा कायम है. 11 सितंबर को रिलीज हुई अक्षय कुमार की ‘हैवान’ ने पहले दिन करीब 2.5 करोड़ रुपये कमाए, जबकि ‘मिर्जापुर द मूवी’ का कारोबार लगभग 6.53 करोड़ रुपये रहा. इन आंकड़ों के मुकाबले ‘हनुमान अंश’ ने अपनी मजबूत पकड़ बरकरार रखी है.
विदेशों में भी पहुंची ‘हनुमान अंश’
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ को दर्शकों की बढ़ती मांग और घरेलू सफलता के बाद विदेशी सिनेमाघरों में भी रिलीज किया गया है. अब फिल्म की नजर ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर है और उम्मीद की जा रही है कि विदेशों से होने वाली कमाई इसके कुल कलेक्शन को और मजबूत कर सकती है.
ये भी पढ़ें: ‘मिर्जापुर द मूवी’ का बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, 8वें दिन तोड़ा ‘आवारापन 2’ का रिकॉर्ड, जानें कलेक्शन