Hanuman 2: तेलुगु फिल्म 'हनुमान' की सफलता के बाद पौराणिक कथाओं और फैंटेसी पर आधारित फिल्मों को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ी है. अब प्रोड्यूसर के. निरंजन रेड्डी एक नए प्रोजेक्ट के साथ दर्शकों के बीच आने की तैयारी कर रहे हैं. प्राइम शो एंटरटेनमेंट ने अपनी अगली फिल्म 'हनुमान 2: द राइज ऑफ वानराज' की आधिकारिक घोषणा कर दी है. इस फिल्म में पंजा वैष्णव तेज मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन वी. आनंद करेंगे.
'हनुमान 2' का पहला पोस्टर हुआ रिलीज
फिल्म की घोषणा के साथ ही मेकर्स ने इसका पहला पोस्टर भी जारी किया है. पोस्टर में एक व्यक्ति बादलों के बीच ऊपर की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है. इसके आसपास का भव्य और दिव्य माहौल फिल्म की फैंटेसी दुनिया की झलक देता है. हालांकि, मेकर्स ने अभी तक फिल्म की कहानी को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है. पोस्टर से इतना जरूर संकेत मिलता है कि फिल्म में पौराणिक कथाओं और काल्पनिक रोमांच का मेल देखने को मिलेगा.
पंजा वैष्णव तेज निभाएंगे मुख्य भूमिका
'हनुमान 2: द राइज ऑफ वानराज' में पंजा वैष्णव तेज लीड रोल में नजर आएंगे. फिल्म की कहानी लिखने और निर्देशन की जिम्मेदारी वी. आनंद संभाल रहे हैं. वी. आनंद अपनी फिल्मों में अलग तरह के कॉन्सेप्ट पेश करने के लिए जाने जाते हैं. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह इस फैंटेसी एडवेंचर को किस अंदाज में पर्दे पर उतारते हैं.
What began with a dream continues with an even bigger vision❤️🔥 Proud to take the legacy of #HanuMan forward with our next ambitious venture. Presenting #HanuMan2 – THE RISE OF VANARAS 🔥 Looking forward to this exciting collaboration with #PanjaVaisshnavTej and the https://t.co/LXjrDhneEe
— Primeshow Entertainment (@Primeshowtweets) November 21, 2026
'हनुमान' की सफलता के बाद फैंटेसी फिल्मों पर मेकर्स का दांव
प्रशांत वर्मा के निर्देशन में बनी 'हनुमान' को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. प्राइम शो एंटरटेनमेंट के निर्माण में बनी इस सोशियो-फैंटेसी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया. अब प्रोडक्शन हाउस एक नए प्रोजेक्ट के जरिए इसी जॉनर में वापसी कर रहा है. हालांकि, इस बार फिल्म की कहानी और क्रिएटिव टीम अलग होगी.
पांच भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
मेकर्स की योजना 'हनुमान 2: द राइज ऑफ वानराज' को पांच भाषाओं में रिलीज करने की है. फिल्म तेलुगु के साथ हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ में भी दर्शकों तक पहुंचेगी. इससे साफ है कि मेकर्स इस प्रोजेक्ट को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं.
फिलहाल फिल्म की बाकी स्टारकास्ट, टेक्निकल टीम और रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है. आने वाले समय में मेकर्स की ओर से इससे जुड़ी और जानकारी साझा की जा सकती है.
यह भी पढ़ें: Drishyam 3 OTT Release: इस दिन Netflix पर आएगी अजय देवगन की 'दृश्यम: द कन्क्लूजन'