क्या इस सिंगर की दुलहनिया बनने जा रही हानिया आमिर, वायरल हो रही तस्वीरों में किया गया दावा

पाकिस्तानी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक बार फिर हानिया आमिर और आसिम अजहर के नाम ने हलचल मचा दी है. सोशल मीडिया पर इन दिनों दोनों की कथित शादी को लेकर चर्चाएं तेज़ हैं.

Hania Amir getting married to  asim azhar photos get viral on social media
Image Source: Social Media

पाकिस्तानी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक बार फिर हानिया आमिर और आसिम अजहर के नाम ने हलचल मचा दी है. सोशल मीडिया पर इन दिनों दोनों की कथित शादी को लेकर चर्चाएं तेज़ हैं. दिलचस्प बात यह है कि इन अफवाहों की शुरुआत किसी आधिकारिक बयान से नहीं, बल्कि कुछ तस्वीरों और वीडियो से हुई है, जिन्हें देखकर फैंस अपने-अपने अंदाज़े लगा रहे हैं.


कुछ दिन पहले मशहूर सिंगर आसिम अजहर ने अपने घर पर एक खास कव्वाली नाइट का आयोजन किया था. इस मौके पर आसिम पारंपरिक अंदाज़ में बेहद आकर्षक नजर आए. व्हाइट कुर्ता-पायजामा और ब्लैक शॉल में उनका लुक सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया गया. इस खास शाम में उनकी मां गुल-ए-राणा भी मौजूद थीं, जिसने इस इवेंट को और ज्यादा निजी और पारिवारिक बना दिया. इसी दौरान फैंस की नजर उस वक्त और ज्यादा टिक गई, जब इसी कव्वाली नाइट के वेन्यू पर हानिया आमिर को भी देखा गया. हालांकि हानिया और आसिम एक साथ किसी तस्वीर या वीडियो में नजर नहीं आए, लेकिन दोनों ने जिस बैकग्राउंड में तस्वीरें शेयर कीं, वह एक जैसा था. इतना ही नहीं, दोनों ने कुछ कॉमन लोगों के साथ भी फोटो क्लिक करवाई, जिसने अटकलों को और हवा दे दी.

ट्रेडिशनल लुक और मैचिंग वाइब्स

इस खास मौके पर हानिया आमिर ब्लैक साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं. बालों में सजे लाल गुलाब उनके लुक को और निखार रहे थे. वहीं आसिम का सादा लेकिन शाही ट्रेडिशनल आउटफिट दोनों की तस्वीरों में एक खास सामंजस्य पैदा कर रहा था. फैंस का कहना है कि यह सब किसी आम दावत का हिस्सा नहीं, बल्कि किसी खास मौके की तैयारी जैसा लग रहा है.

प्री-वेडिंग फंक्शन के कयास

जैसे ही कव्वाली नाइट की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, वैसे ही यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या यह हानिया और आसिम की प्री-वेडिंग सेरेमनी का हिस्सा है. दोनों की एक भी तस्वीर साथ में न होने के बावजूद फैंस इतने आश्वस्त नजर आए कि कई यूजर्स ने तो AI की मदद से दोनों की तस्वीरें जोड़कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दीं. इन एडिटेड फोटोज़ के साथ लोग शादी की बधाइयां तक देने लगे.

स्वेटर ने बढ़ाया शक

इन अफवाहों को और मजबूती तब मिली, जब हानिया आमिर ने हाल ही में कुछ नई तस्वीरें शेयर कीं. इन तस्वीरों में वह एक ब्लू स्वेटर पहने नजर आईं. गौर करने वाली बात यह रही कि कुछ समय पहले यही स्वेटर आसिम अजहर ने भी पहना था. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज़ में हानिया से स्वेटर मांग लिया, जिस पर एक्ट्रेस ने जवाब दिया कि यह स्वेटर उन्होंने भी किसी से उधार लिया है. इस छोटे से जवाब को फैंस ने बड़ा संकेत मान लिया और दोनों के रिश्ते को फिर से जोड़कर देखने लगे.

पुराना रिश्ता, नई चर्चाएं

हानिया आमिर और आसिम अजहर कभी पाकिस्तान के सबसे चर्चित कपल्स में गिने जाते थे. साल 2018-19 के दौरान दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था. हालांकि बाद में उन्होंने एक-दूसरे को सिर्फ अच्छा दोस्त बताया. साल 2021 में दोनों का ब्रेकअप हुआ, जिसे काफी भावनात्मक माना गया.

ब्रेकअप के बाद आसिम अजहर ने मिरब अली से सगाई की थी, लेकिन वह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चला. सगाई टूटने के बाद से ही आसिम का नाम एक बार फिर हानिया आमिर के साथ जोड़ा जाने लगा. अब सवाल यही है कि क्या यह सब सिर्फ सोशल मीडिया की बनाई गई कहानियां हैं या फिर वाकई हानिया और आसिम अपनी जिंदगी के एक नए अध्याय की तैयारी कर रहे हैं. फिलहाल दोनों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन फैंस बेसब्री से इस राज़ के खुलने का इंतजार कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: इससे पहले कि देर हो जाए, मुझे रुक जाना चाहिए... स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान का भावुक ऐलान, जानें क्या कहा