Elvish Yadav House Firing: रविवार की सुबह गुरुग्राम के पॉश इलाके सेक्टर-56 में अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी. सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने लोकप्रिय यूट्यूबर और सोशल मीडिया सेलिब्रिटी एल्विश यादव के घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. चौंकाने वाली बात यह है कि इस फायरिंग में करीब दो दर्जन से ज्यादा राउंड गोली चलाई गई. गनीमत रही कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ और उस वक्त एल्विश यादव खुद भी घर पर मौजूद नहीं थे.
एल्विश यादव हाल ही में अपने परिवार के साथ इस नए घर में शिफ्ट हुए थे. यह जगह उन्होंने सोशल मीडिया पर भी शेयर की थी. लेकिन इस खुशी को किसी की नज़र लग गई या किसी के इरादे खराब थे, इस पर अब जांच हो रही है. पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, एल्विश के पिता ने बताया कि हमलावर अज्ञात थे और उन्होंने बाइक पर आकर अंधाधुंध फायरिंग की.
CCTV और पड़ोसियों से पूछताछ जारी
गुरुग्राम पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. साथ ही क्षेत्र के निवासियों से भी पूछताछ हो रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. शुरुआती जांच में यह मामला किसी प्रकार की धमकी या डराने की मंशा से जुड़ा माना जा रहा है.
क्या पहले से था कोई खतरा?
एल्विश यादव या उनके परिवार की ओर से अब तक किसी तरह की धमकी की शिकायत नहीं की गई थी. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, चाहे वह व्यक्तिगत दुश्मनी हो, साइबर ट्रोलिंग का विस्तार या फिर किसी और बड़ी साजिश की शुरुआत.
सोशल मीडिया पर छाया सन्नाटा
जहां एल्विश यादव सोशल मीडिया पर अक्सर एक्टिव रहते हैं, वहीं इस घटना के बाद फिलहाल उनके किसी भी आधिकारिक हैंडल से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. फैंस भी इस खबर से सकते में हैं और लगातार उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं.
यह भी पढ़ें- मिस्टर पुतिन... ट्रंप की पत्नी मेलानिया ने रूसी राष्ट्रपति को लिखी चिट्ठी में क्या था? सामने आया लेटर