PM Modi On Middile East Crisis: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने वाव-थराड क्षेत्र में 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की. जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने लोगों को नवरात्रि और महावीर जयंती की शुभकामनाएं भी दीं.
पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में नवरात्रि का पर्व पूरा हुआ है और उन्हें मां अम्बा के दर्शन करने का अवसर मिला. उन्होंने भगवान महावीर को भी नमन किया और कहा कि यह क्षेत्र जैन तीर्थों की भूमि है.
डीसा एयरबेस को बताया अहम
पीएम मोदी ने कहा कि इस दौरे में उनका विमान पहली बार डीसा एयरबेस पर उतरा. उन्होंने बताया कि यह एयरबेस देश की सुरक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 130 किमी दूर है.
उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रोजेक्ट की शुरुआत उनके मुख्यमंत्री रहने के समय हुई थी, लेकिन बाद में यह लंबे समय तक रुका रहा. केंद्र में आने के बाद उन्होंने इस काम को आगे बढ़ाया.
LIVE: PM Shri @narendramodi launches various development works in Vav-Tharad, Gujarat. https://t.co/s3gQBsC5YM
— BJP (@BJP4India) March 31, 2026
20,000 करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत
प्रधानमंत्री ने बताया कि आज शुरू हुई ये परियोजनाएं ऊर्जा, सड़क, रेलवे और आवास जैसे कई क्षेत्रों से जुड़ी हैं. उनका कहना है कि इससे पूरे इलाके का विकास होगा और लोगों के जीवन में सुधार आएगा. उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र उनके दिल के करीब है और यहां के लोगों का प्यार वह कभी नहीं भूल सकते.
सौर ऊर्जा में गुजरात आगे
पीएम मोदी ने कहा कि गुजरात आज सोलर एनर्जी के क्षेत्र में देश में आगे है. उन्होंने याद दिलाया कि 2010 में मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने सौर पार्क की शुरुआत की थी, जिससे आज बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गुजरात रिन्यूएबल एनर्जी का बड़ा केंद्र बन सकता है.
विकास को लेकर कही बड़ी बात
पीएम मोदी ने कहा कि पहले उत्तर गुजरात में पानी की कमी और सूखे जैसी समस्याएं थीं, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. गांवों को सड़कों से जोड़ा गया है और हाईवे व तेज ट्रेन जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं. उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा बना रहा तो विकास की रफ्तार ऐसे ही जारी रहेगी.
पश्चिम एशिया की स्थिति पर बयान
प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया के हालात पर भी बात की. उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश इस समय संघर्ष और अस्थिरता का सामना कर रहे हैं, जिससे ऊर्जा संकट भी पैदा हुआ है. लेकिन उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी स्थिति को संभालकर रखा है और यह मजबूत विदेश नीति और देश की एकता की वजह से संभव हुआ है.
विपक्ष पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे समय में जब देश को एकता की जरूरत है, कुछ लोग राजनीति कर रहे हैं और अफवाहें फैला रहे हैं. उन्होंने कहा कि देश को मजबूत बनाने के लिए एकजुट रहना जरूरी है.
ये भी पढ़ें- मच अवेटेड फिल्म 'रामायण' को लेकर रणबीर कपूर का आया रिएक्शन, इस दिन सामने आएगी पहली झलक