37वीं मंजिल पर कर रहे थे काम, अचानक टूट गई सेफ्टी बेल्ट, 2 मजदूरों की मौत, ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-152 स्थित एक निर्माणाधीन हाईराइज प्रोजेक्ट में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया. रोजी-रोटी कमाने के लिए ऊंचाई पर काम कर रहे दो मजदूर देखते ही देखते मौत का शिकार बन गए.

greater-noida-two workers-die-after-falling-from-37th-floor
Image Source: Social Media

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-152 स्थित एक निर्माणाधीन हाईराइज प्रोजेक्ट में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया. रोजी-रोटी कमाने के लिए ऊंचाई पर काम कर रहे दो मजदूर देखते ही देखते मौत का शिकार बन गए. टावर की 37वीं मंजिल पर काम के दौरान सुरक्षा बेल्ट टूटने से दोनों मजदूर नीचे गिर पड़े. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों के बीच अफरा-तफरी मच गई.

शटरिंग कार्य के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब एक बजे निर्माणाधीन टावर नंबर-23 की ऊपरी मंजिल पर शटरिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान 24 वर्षीय रईस उल हक और 45 वर्षीय अब्दुल समद सुरक्षा उपकरणों के सहारे ऊंचाई पर कार्य कर रहे थे. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अचानक उनकी सेफ्टी बेल्ट टूट गई, जिससे दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे नीचे आ गिरे. इतनी अधिक ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं.

मौके पर मचा हड़कंप

मजदूरों के गिरते ही निर्माण स्थल पर चीख-पुकार शुरू हो गई. साथी श्रमिक तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद पूरे निर्माण स्थल पर शोक और तनाव का माहौल बन गया.

पश्चिम बंगाल से रोजगार की तलाश में आए थे मजदूर

मृतकों की पहचान रईस उल हक और अब्दुल समद के रूप में हुई है. दोनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे और रोजगार के लिए ग्रेटर नोएडा आए थे. वे कुंडली गांव में किराये पर रहकर निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे. परिवार की आजीविका चलाने के लिए घर से दूर रह रहे इन मजदूरों की मौत की खबर से उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह सेफ्टी बेल्ट का टूटना लग रही है. हालांकि, अब यह भी जांच की जा रही है कि निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा के लिए तय नियमों और सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन किया जा रहा था या नहीं. जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के लिए जिम्मेदार कारणों और संभावित लापरवाही की तस्वीर साफ हो सकेगी.

ये भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा ऐलान, इन महिलाओं को मिलेगा पक्का घर और स्वास्थ्य सुविधा, जानें पूरी जानकारी