2027 में कब-कब लगेगा सूर्य और चंद्र ग्रहण? यहां देखें पांचों ग्रहणों की पूरी लिस्ट

Grahan 2027: साल 2027 खगोलीय घटनाओं के लिहाज से खास रहने वाला है. इस साल कुल पांच ग्रहण लगेंगे, जिनमें दो सूर्य ग्रहण और तीन चंद्र ग्रहण शामिल हैं. इनमें 2 अगस्त को होने वाला पूर्ण सूर्य ग्रहण सबसे खास खगोलीय घटनाओं में से एक होगा. हालांकि, भारत में यह पूर्ण रूप से नहीं, बल्कि आंशिक सूर्य ग्रहण के रूप में दिखाई देगा.

grahan-2027-dates-solar-lunar-eclipse-india-visibility
Image Source: Social Media

Grahan 2027: साल 2027 खगोलीय घटनाओं के लिहाज से खास रहने वाला है. इस साल कुल पांच ग्रहण लगेंगे, जिनमें दो सूर्य ग्रहण और तीन चंद्र ग्रहण शामिल हैं. इनमें 2 अगस्त को होने वाला पूर्ण सूर्य ग्रहण सबसे खास खगोलीय घटनाओं में से एक होगा. हालांकि, भारत में यह पूर्ण रूप से नहीं, बल्कि आंशिक सूर्य ग्रहण के रूप में दिखाई देगा.

ऐसे में अगर आप भी ग्रहण से जुड़ी घटनाओं में दिलचस्पी रखते हैं, तो जान लीजिए कि साल 2027 में सूर्य और चंद्र ग्रहण कब लगेंगे, भारत में कौन-कौन से दिखाई देंगे और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सूतक काल के क्या नियम हैं.

फरवरी में लगेंगे साल के पहले दो ग्रहण

6 फरवरी 2027

साल का पहला ग्रहण 6 फरवरी को लगेगा. यह वलयाकार सूर्य ग्रहण होगा. इस दौरान चंद्रमा सूर्य के सामने आ जाएगा, लेकिन उसे पूरी तरह ढक नहीं पाएगा. इसके कारण सूर्य के चारों ओर चमकदार अंगूठी जैसी आकृति दिखाई देगी, जिसे 'रिंग ऑफ फायर' कहा जाता है. यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा.

21 फरवरी 2027

फरवरी में दूसरा ग्रहण 21 तारीख को दिखाई देगा. यह उपच्छाया चंद्र ग्रहण होगा. इसमें चंद्रमा पृथ्वी की बाहरी छाया से होकर गुजरता है, जिससे उसकी चमक थोड़ी कम हो जाती है. पूर्ण चंद्र ग्रहण की तरह इसमें चंद्रमा लाल या गहरे रंग का नहीं दिखाई देता. यह ग्रहण भारत में भी दिखाई दे सकता है, लेकिन इसका प्रभाव बेहद हल्का रहेगा.

जुलाई में लगेगा तीसरा ग्रहण

18 जुलाई 2027

जुलाई में साल का तीसरा ग्रहण लगेगा. यह भी उपच्छाया चंद्र ग्रहण होगा. इस दौरान चंद्रमा पृथ्वी की हल्की बाहरी छाया से होकर गुजरेगा. इस ग्रहण की तीव्रता बेहद कम होगी, इसलिए इसे सामान्य आंखों से पहचान पाना मुश्किल हो सकता है. भारत में इसकी दृश्यता भी बहुत सीमित और हल्की रहेगी.

अगस्त में दिखेगा पूर्ण सूर्य ग्रहण

2 अगस्त 2027

अगस्त का पूर्ण सूर्य ग्रहण साल की सबसे खास खगोलीय घटनाओं में से एक होगा. इस दौरान चंद्रमा सूर्य को पूरी तरह ढक लेगा. जिन क्षेत्रों में पूर्ण ग्रहण दिखाई देगा, वहां कुछ समय के लिए दिन में अंधेरा छा जाएगा.

यह ग्रहण स्पेन, मोरक्को, अल्जीरिया, ट्यूनीशिया, लीबिया, मिस्र और सऊदी अरब समेत कई देशों में पूर्ण रूप से दिखाई देगा. भारत में यह आंशिक सूर्य ग्रहण के रूप में नजर आएगा. यानी यहां चंद्रमा सूर्य के केवल एक हिस्से को ढकेगा.

अगस्त में ही लगेगा साल का आखिरी ग्रहण

17 अगस्त 2027

साल का पांचवां और आखिरी ग्रहण 17 अगस्त को लगेगा. यह उपच्छाया चंद्र ग्रहण होगा. इसमें पृथ्वी की बाहरी छाया चंद्रमा पर पड़ेगी, जिससे उसकी चमक में हल्की कमी आ सकती है. यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा.

ग्रहण में सूतक काल का क्या है नियम?

हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्य ग्रहण से 12 घंटे पहले और चंद्र ग्रहण से 9 घंटे पहले सूतक काल शुरू होता है. इस अवधि में पूजा-पाठ, मांगलिक कार्य और भोजन से जुड़े कुछ नियमों का पालन किया जाता है. परंपरागत मान्यता के अनुसार, सूतक काल तभी मान्य होता है जब ग्रहण संबंधित स्थान पर दिखाई दे. इसलिए 2027 में भारत में सूतक की मान्यता और समय जानने के लिए अपने शहर के स्थानीय पंचांग को देखना जरूरी होगा. उपच्छाया चंद्र ग्रहण को लेकर अलग-अलग पंचांग और परंपराओं में सूतक के नियम अलग हो सकते हैं.

सूर्य ग्रहण देखते समय बरतें सावधानी

सूर्य ग्रहण को सीधे आंखों से देखना नुकसानदायक हो सकता है. इसे देखने के लिए प्रमाणित सोलर फिल्टर वाले चश्मे या विशेष सोलर व्यूअर का इस्तेमाल करना चाहिए. साधारण सनग्लास पहनकर सूर्य को देखना सुरक्षित नहीं है. वहीं, चंद्र ग्रहण को बिना किसी विशेष सुरक्षा उपकरण के सामान्य आंखों से देखा जा सकता है.

यह भी पढ़ें: Vastu Tips: पर्स में ये एक चीज रखने से आती है सुख-समृद्धि, जानें सही तरीका