Mozilla और Chrome यूज़र्स सावधान! सरकार ने जारी किया अलर्ट, तुरंत करें ये काम वरना होगा बड़ा नुकसान

Mozilla and Chrome Users: देश की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In (Indian Computer Emergency Response Team) ने हाल ही में Google Chrome और Mozilla Firefox यूज़र्स के लिए गंभीर सुरक्षा चेतावनी जारी की है.

Govt issues high alert for Mozilla and Chrome users change these settings immediately
Image Source: Freepik

Mozilla and Chrome Users: देश की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In (Indian Computer Emergency Response Team) ने हाल ही में Google Chrome और Mozilla Firefox यूज़र्स के लिए गंभीर सुरक्षा चेतावनी जारी की है. एजेंसी के अनुसार, इन दोनों ब्राउज़र्स में कई खतरनाक कमजोरियाँ पाई गई हैं, जिनका फायदा उठाकर हैकर्स आपके पर्सनल डेटा को चुरा सकते हैं या आपके सिस्टम को क्रैश कर सकते हैं.

सबसे ज़्यादा प्रभावित यूज़र्स कौन हैं?

CERT-In की रिपोर्ट में बताया गया है कि Chrome OS और ChromeOS Flex यूज़र्स सबसे ज्यादा खतरे में हैं. वहीं, Mozilla Firefox की कमजोरियाँ Firefox, Firefox ESR (Extended Support Release) और Thunderbird ईमेल क्लाइंट यूज़र्स को प्रभावित कर सकती हैं. यानी अगर आप इन ब्राउज़र्स का पुराना वर्ज़न इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आपका डेटा और सिस्टम रिस्क में है.

कौन से वर्ज़न हैं असुरक्षित?

Mozilla Firefox के सभी Version 144 से पहले के वर्ज़न खतरे में हैं. Firefox ESR के Version 115.29 और 140.4 से पहले के वर्ज़न, तथा Thunderbird के Version 140.4 और 144 से पहले के वर्ज़न भी असुरक्षित माने गए हैं. Google ChromeOS के Version 16404.45.0 से पहले वाले वर्ज़न भी संभावित जोखिम पैदा कर सकते हैं.

क्या हो सकता है नुकसान?

Mozilla Firefox की कमजोरियों के कारण हैकर्स आपके सिस्टम में सेंध लगा सकते हैं और संवेदनशील डेटा चुरा सकते हैं. इसमें Use-after-free बग, Memory Corruption और Web Extension API से जुड़ी खामियाँ शामिल हैं. Android डिवाइस पर Address Bar Spoofing की वजह से हैकर्स नकली वेबसाइट दिखाकर यूज़र्स को गुमराह कर सकते हैं. 

Google Chrome में खतरा Heap Buffer Overflow से जुड़ा है, जो Video, Sync और WebGPU कंपोनेंट्स को प्रभावित करता है. इस खामी का फायदा उठाकर हैकर्स यूज़र को खास तरह की वेबसाइट पर क्लिक करवा सकते हैं और फिर सिस्टम पर हमला कर सकते हैं.

कैसे रहें सुरक्षित?

CERT-In ने सलाह दी है कि यूज़र्स तुरंत अपने ब्राउज़र्स को अपडेट करें. Chrome और Firefox दोनों कंपनियों ने सुरक्षा खामियों को दूर करने के लिए नए सिक्योरिटी पैच जारी किए हैं.

सुरक्षा बनाए रखने के टिप्स

  • ब्राउज़र को Auto-Update मोड में सेट करें.
  • पुराने वर्ज़न का इस्तेमाल न करें.
  • संदिग्ध वेबसाइट या ईमेल लिंक पर क्लिक करने से बचें.
  • सिस्टम के सुरक्षा सॉफ़्टवेयर को नियमित रूप से अपडेट रखें.

ये भी पढ़ें: GST कट के बाद अब इतनी सस्ती हो गई Toyota Innova Hycross, परिवार के लिए परफेक्ट, यहां जानें नई कीमत