गोपालगंज में पुजारी की हत्या के बाद बवाल, जमकर हुई आगजनी और हवाई फायरिंग; मौके पर पहुंची 10 थानों की पुलिस

गोपालगंज में पुजारी की हत्या के बाद बवाल, जमकर हुई आगजनी और हवाई फायरिंग; मौके पर पहुंची 10 थानों की पुलिस

बिहार के गोपालगंज जिले में शिव मंदिर के पुजारी की हत्या के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हुआ. गुस्साए लोगों ने एनएच 27 को जाम कर दिया, गाड़ी में आग लगा दी और पुलिस जीप में तोड़फोड़ की. इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. हवाई फायरिंग भी की गई. तनाव को देखते हुए 10 थानों की पुलिस बुला ली गई है. यह मामला मांझागढ़ थाना क्षेत्र के दानापुर गांव का है. मंदिर का पुजारी 6 दिनों से लापता था, शनिवार को उसका शव मिला तो लोग आक्रोशित हो गये.

श्रीरामपुर बाजार के पास से शव बरामद किया गया

जानकारी के अनुसार, दानापुर गांव स्थित शिव मंदिर के पुजारी मनोज साह (32) का शव शनिवार को श्रीरामपुर बाजार के पास से बरामद किया गया. उनकी हत्या की आशंका जताई गई है. मनोज पिछले सोमवार से लापता था. आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को दानापुर में एनएच-27 पर रखकर जाम कर दिया. इसके बाद लोगों ने आग जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. वह हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे.

पुलिस मौके पर पहुंची तो भीड़ उग्र हो गयी. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहन में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया. भीड़ के आक्रामक रुख को देख पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू कर दी और ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया. इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग की. इसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया. हालांकि पुलिस ने हवाई फायरिंग से इनकार किया है.

मौके पर 10 थानों की पुलिस और स्थानीय विधायक पहुंचे

आसपास के 10 थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई. एसडीपीओ ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. स्थानीय विधायक रामप्रवेश राय भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात की और उन्हें समझाया. करीब 10 घंटे बाद हाईवे से जाम हटा और यातायात फिर से शुरू हो सका.

आपको बता दें कि पिछले सोमवार को पूर्व मुखिया अशोक साह के भाई और दानापुर शिव मंदिर के पुजारी मनोज साह मंदिर के कमरे से लापता हो गये थे. इसकी जानकारी पुलिस को दी गयी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। जब मंदिर का सीसीटीवी चेक किया गया तो पुजारी रात करीब 2 बजे मंदिर से बाहर आकर मुख्य दरवाजा बंद कर कहीं जाता हुआ नजर आया. वहीं, उसके दो साथी मंदिर में ही मौजूद थे. छह दिन बाद उनका शव बरामद किया गया। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है.

7 फेरे के बाद सामने आया दूल्हे का 'वह' राज, दुल्हन बोली 'ससुराल नहीं जाऊंगी' वजह जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर