मुजफ्फरपुर, भारत24 डिजिटल डेस्क: लड़की पक्ष के यहां बरात आई तो जमकर स्वागत सत्कार हुआ. इसके बाद शादी की सभी रस्में निभाई गईं. यहां तक कि शादी के क्रम दूल्हा-दुल्हन ने 7 फेरे भी लिए. इसके बाद कोहबर में दूल्हा अचानक बेहोश हो गया. दौड़े पड़ने लगे तो लोगों ने पाया कि दूल्हे को मिर्गी है. इसके बाद कोहबर में ही दुल्हन बनी लड़की ने शादी से इन्कार कर दिया. आखिरकार दूल्हे को मिर्गी आने के चलते लड़की ने ससुराल जाने से ही इन्कार कर दिया. परिवार की सहमति के बाद शादी के अंतिम लग्न में वधु पक्ष ने न केवल शादी तोड़ी बल्कि लड़के का मिर्गी वाला सच छिपाने के लिए वर पक्ष को जमकर खरी-खोटी सुनाई. पूरा मामला जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र का है.
बरातियों को वापस करने पड़े सभी उपहार
बताया जा रहा है कि वर पक्ष की ओर से लड़के को मिर्गी के दौरे आने की बात को छिपाया गया था. इसके बाद देर रात को इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई. दुल्हन के शादी से इन्कार करने के बाद स्थानीय स्तर पर हुई पंचायत के बाद वर पक्ष ने वधु पक्ष से लिए गए हुए सभी उपहारों को भी वापस किया. दरअसल, मिर्गी का पता चलने पर बंधक बनाए गए दूल्हे और बरातियों को लोगों ने मुक्त कर शादी तोड़ी. शर्त के तहत बरातियों को मिले सारे उपहार वापस लौटाने पड़े. बताया जा रहा है कि बिहार के मोतिहारी जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र से बरात आई थी.
इस पूरे ही मामले में नही हुई कोई शिकायत
वहीं, इस मामले की जानकारी के बाद पूरे गांव में चर्चा का विषय बना रहा तो लड़की के लिए गए फैसले का भी लोगों ने स्वागत किया. इस मामले में किसी भी पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत नहीं दी है और इस मामले को देर रात को ही खत्म कर दिया गया. पुलिस को लिखित रूप में कोई शिकायत नहीं करवाई गई है. उधर, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में आपसी सहमति से समझौता हो गया है. बावजूद इसके अगर किसी पक्ष की ओर से शिकायत मिलती है तो कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: विशाल कुमार