धनतेरस से पहले सातवें आसमान पर पहुंचा सोना, कीमत 1 लाख 27 हजार के पार, चांदी ने भी लगाई लंबी छलांग

Gold Price: वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता और भारत में बढ़ती त्योहारी मांग के बीच, देश की राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतों ने सोमवार को अब तक का सबसे ऊंचा स्तर छू लिया.

Gold hits new high before Dhanteras crosses ₹1.27 lakh check today s gold and silver prices
Image Source: Freepik

Gold Price: वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता और भारत में बढ़ती त्योहारी मांग के बीच, देश की राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतों ने सोमवार को अब तक का सबसे ऊंचा स्तर छू लिया. अमेरिका और चीन के बीच उभरते नए व्यापारिक तनावों के चलते निवेशकों का रुख एक बार फिर सुरक्षित विकल्पों की ओर मुड़ गया है और इसका सीधा असर सोने और चांदी की कीमतों पर देखने को मिल रहा है.

सोने के दामों ने तोड़ा अब तक का रिकॉर्ड

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9% शुद्धता वाला सोना सोमवार को 1,950 रुपये की बढ़त के साथ ₹1,27,950 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. शुक्रवार को यह ₹1,26,000 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, 99.5% शुद्धता वाला सोना भी ₹1,950 की छलांग लगाकर ₹1,27,350 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो कि इसका ऑल टाइम हाई है. एलकेपी सिक्योरिटीज के विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध के चलते सुरक्षित निवेश की मांग में भारी तेजी आई है, जिससे सोने की कीमतों में यह उछाल देखा जा रहा है.

अमेरिका-चीन तनाव ने बढ़ाई निवेशकों की चिंता

ट्रेड वॉर की आग को हवा तब मिली जब अमेरिका ने चुनिंदा चीनी उत्पादों पर 100 प्रतिशत तक का आयात शुल्क बढ़ाने की घोषणा की. जवाब में चीन ने रेयर अर्थ मिनरल्स के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की धमकी दे दी. इससे वैश्विक निवेशकों में अनिश्चितता बढ़ी और वे जोखिम वाले निवेश से हटकर सोने जैसे सुरक्षित विकल्पों की ओर बढ़े. विश्लेषकों का मानना है कि जब तक यह तनाव जारी रहेगा, तब तक सोने की मांग और कीमतों में मजबूती बनी रह सकती है.

चांदी ने भी दिखाया दम

सोने की तरह चांदी की कीमतों में भी जोरदार तेजी दर्ज की गई. सोमवार को चांदी 7,500 रुपये बढ़कर ₹1,79,000 प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई, जो कि शुक्रवार को ₹1,71,500 प्रति किलोग्राम थी. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी चांदी की कीमतों में करीब तीन प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 51.74 डॉलर प्रति औंस के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई.

त्योहारी सीज़न भी बना बड़ा कारण

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, भारत में त्योहारी मांग का सीधा असर भी कीमती धातुओं की कीमतों पर पड़ा है. दशहरा, धनतेरस और दीवाली जैसे त्योहारों के चलते बाजार में सोने-चांदी की मांग तेजी से बढ़ी है. इसके साथ-साथ भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका-चीन के बीच बढ़ता व्यापारिक संघर्ष वैश्विक स्तर पर निवेश की दिशा को प्रभावित कर रहा है.

ये भी पढ़ें: भारत-कनाडा के रिश्तों में हो रहा सुधार, इन समझौतों से दोनों देशों के बीच आए अच्छे दिन