राजघाट पहुंचे PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि, शास्त्री जी को भी किया नमन

Gandhi Jayanti 2026: गांधी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की. वहीं, लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विजय घाट पहुंचकर उन्हें भी नमन किया गया.

gandhi-jayanti-2026-rajghat-shastri-jayanti-tribute-leaders
Image Source: Internet

Gandhi Jayanti 2026: देशभर में आज महात्मा गांधी की 157वीं जयंती मनाई जा रही है. गांधी जयंती के मौके पर नई दिल्ली स्थित राजघाट पर बापू को श्रद्धांजलि देने के लिए देश के कई बड़े नेता पहुंचे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर महात्मा गांधी को नमन किया. इसके बाद राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जहां विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने प्रार्थना की और गांधी के सत्य व अहिंसा के संदेश को याद किया.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजघाट पहुंचकर बापू को किया नमन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्रपिता को नमन किया. गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने शामिल होकर बापू के योगदान को याद किया.

ओम बिरला और मनोहर लाल खट्टर ने दी श्रद्धांजलि

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर बापू को नमन किया. केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और गांधी जयंती के मौके पर उनके योगदान को याद किया.

एलजी तारणजीत सिंह संधू ने भी राजघाट पहुंचकर किया नमन

दिल्ली के उपराज्यपाल तारणजीत सिंह संधू ने भी गांधी जयंती के अवसर पर राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर बापू को नमन किया और उनके विचारों को याद किया.

सीएम रेखा गुप्ता ने सर्वधर्म प्रार्थना सभा में लिया हिस्सा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजघाट स्थित गांधी समाधि पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया. गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में अलग-अलग धर्मों के प्रतिनिधियों ने प्रार्थना की और महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और मानवता के संदेश को याद किया.

नितिन गडकरी ने गांधी के स्वदेशी और स्वराज के विचारों को किया याद

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने अपने संदेश में गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वदेशी और स्वराज के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी प्रेरणा देता है. उन्होंने गांधी जयंती के अवसर पर बापू को नमन किया.

सीएम योगी ने गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश को किया याद

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने गांधी को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने वाला व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनके आदर्श, सादगी और विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शन का काम करते हैं. उन्होंने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस की शुभकामनाएं भी दीं.

 गांधी जी के विचार आज भी प्रासंगिक- रेखा गुप्ता 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वराज के विचारों को याद किया. उन्होंने कहा कि गांधी के विचार आज भी भारत की चेतना में जीवंत हैं और आत्मनिर्भर, समर्थ एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण की दिशा में प्रेरणा देते हैं. उन्होंने गांधी जयंती पर बापू को श्रद्धापूर्वक नमन किया.

लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विजय घाट पहुंचे उपराष्ट्रपति

गांधी जयंती के साथ आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई जा रही है. इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने विजय घाट पहुंचकर शास्त्री जी को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने उनकी समाधि पर पुष्प अर्पित कर देश के लिए उनके योगदान को याद किया.

राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने शास्त्री जी को किया याद

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी. राजनाथ सिंह ने शास्त्री जी के जीवन को सादगी, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प का उदाहरण बताते हुए उनके योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी देश की सुरक्षा, कृषि और राष्ट्र निर्माण के प्रति संकल्प की प्रेरणा देता है.

पीयूष गोयल और मनोहर लाल ने भी दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए उनके राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण और कठिन परिस्थितियों में नेतृत्व को याद किया. वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने शास्त्री जी के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण दौर में इस संदेश ने देश के जवानों और किसानों में नई ऊर्जा का संचार किया. उन्होंने शास्त्री जी को सादगी, ईमानदारी और त्याग का प्रतीक बताते हुए उनके योगदान को याद किया.

ये भी पढ़ें- 'टेंशन मत लो, बहुत बुरी तरह मारूंगा', भारतीय पायलट स्मित पर हमले से भड़के ट्रंप, ईरान को दी धमकी