'मैंने नहीं, हनुमान जी ने बचाया', पीएम मोदी से बातचीत में बोले कैप्टन स्मित मछार, बताई पूरी घटना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई के बहादुर पायलट कैप्टन स्मित मछार से वीडियो कॉल पर बात की. इस दौरान स्मित ने उस घटना के बारे में बताया, जिसमें फ्लाइट के को-पायलट ने उन पर हमला कर विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी.

PM Modi spoke to flydubai pilot Smit Machhar over the phone
Image Source: Social Media

PM Modi Talks Smit Machchaar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई के बहादुर पायलट कैप्टन स्मित मछार से वीडियो कॉल पर बात की. इस दौरान स्मित ने उस घटना के बारे में बताया, जिसमें फ्लाइट के को-पायलट ने उन पर हमला कर विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने स्थिति संभालने की कोशिश की और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी. प्रधानमंत्री ने उनकी हिम्मत की तारीफ की और जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

पीएम मोदी से बात करते हुए कैप्टन स्मित भावुक हो गए. इस पर प्रधानमंत्री ने उनसे कहा कि अगर आप मेरे सामने भावुक नहीं होंगे तो फिर कहां होंगे. बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आपने यात्रियों की चिंता की और मुश्किल समय में हिम्मत नहीं छोड़ी.

मैं हनुमान चालीसा पढ़ रहा था- स्मित

स्मित ने बताया कि उन्हें उस समय लगा था कि विमान नीचे गिर जाएगा. उन्होंने कहा, “मुझसे जितना हो पाया, मैंने किया. हालात देखकर मैं हनुमान चालीसा पढ़ रहा था. मैं सबको मरते हुए नहीं देख सकता था.”

कैप्टन स्मित ने आगे कहा, “मैंने नहीं, हनुमान जी ने सबको बचाया.” उन्होंने बताया कि यात्रियों को बचाने की कोशिश के दौरान उन्हें इतनी चोट लगी कि वह घायल होकर गिर गए. स्मित ने कहा कि उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि वे अपने देश से दूर हैं और वह अपनी संस्कृति से जुड़े हुए हैं.

प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने दुनिया को दिखाया है कि अहिंसा क्या होती है और पूरा देश उनके साथ खड़ा है.

पीएम मोदी ने 9/11 जैसी घटना टलने का किया था जिक्र

इससे पहले 1 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की तारीफ की थी. उन्होंने लिखा था कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त हिम्मत और मजबूत इरादे दिखाए. पीएम ने कहा था कि उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई.

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन स्मित पर हमला किया और विमान को क्रैश करने की कोशिश की. इस दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे, जिसके बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू किया. विमान की सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.

‘हर भारतीय को उन पर गर्व है’

UPSC की 100वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने भी कैप्टन स्मित की बहादुरी का जिक्र किया था. उन्होंने कहा कि स्मित ने बेहद मुश्किल हालात में धैर्य, समझदारी और हिम्मत दिखाई. पीएम मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि एक भारतीय ने 9/11 जैसी घटना को होने से रोक दिया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि कैप्टन स्मित की बहादुरी हर भारतीय के लिए गर्व की बात है. उन्होंने स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.

कैप्टन स्मित इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए थे. विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद उन्हें तबुक में इलाज दिया गया और बाद में आगे के इलाज के लिए UAE ले जाया गया.