Rajasthan Board 10th Result Toppers: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 10वीं के साथ-साथ 5वीं और 8वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है. इस बार 10वीं का कुल पास प्रतिशत 94.23% रहा. हर साल की तरह इस बार भी लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है. लड़कों का पास प्रतिशत 93.63% रहा, जबकि लड़कियों का रिजल्ट 94.90% रहा. टॉपर्स की लिस्ट में भी ज्यादातर लड़कियों के नाम सामने आए हैं.
सीकर जिले के रींगस की रहने वाली सिम्स निठारवाल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है. सेंट्रल चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल की इस छात्रा ने 600 में से 595 अंक हासिल किए हैं. पूरे राज्य में उन्हें तीसरा स्थान मिला है, जबकि जिले में वह पहले नंबर पर रही हैं. सिम्स ने अंग्रेजी और गणित में पूरे 100 में से 100 अंक हासिल किए. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और स्कूल को दिया है. सिम्स का सपना आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनने का है.
भरतपुर की वंदना कुमारी बनी टॉपर
भरतपुर की छात्रा वंदना कुमारी ने 10वीं में 99.33% अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया है. वह सोनी एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा हैं. उनकी इस सफलता से परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है. वंदना ने अपनी मेहनत और नियमित पढ़ाई को इसका कारण बताया और अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया.
चितलवाना की चंद्रिका बिश्नोई भी चमकी
चितलवाना की छात्रा चंद्रिका बिश्नोई ने भी शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 10वीं बोर्ड में 99% अंक हासिल कर राज्य मेरिट लिस्ट में जगह बनाई है. सनराइज पब्लिक स्कूल, सिवाड़ा की छात्रा चंद्रिका की इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और पूरे इलाके में खुशी है. कुल मिलाकर, इस बार भी लड़कियों ने राजस्थान बोर्ड के नतीजों में बाजी मारी है और अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है.
ये भी पढ़ें- Breaking News: युद्ध के बीच केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, जंग पर PM मोदी-Rahul Gandhi की मीटिंग