कप्तानी से लेकर बल्लेबाजी तक... विराट कोहली संग रिश्ते पर रोहित शर्मा ने खोले कई राज, जानें क्या कहा

Rohit Sharma On Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट के दो बड़े नाम रोहित शर्मा और विराट कोहली काफी लंबे समय से साथ खेलते आए हैं. दोनों की दोस्ती और आपसी तालमेल को लेकर भी कई बार चर्चा होती रही है.

From captaincy to batting Rohit Sharma opens up about his relationship with Virat Kohli
Image Source: ANI/ File


Rohit Sharma On Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट के दो बड़े नाम रोहित शर्मा और विराट कोहली काफी लंबे समय से साथ खेलते आए हैं. दोनों की दोस्ती और आपसी तालमेल को लेकर भी कई बार चर्चा होती रही है. 

अब पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने विराट के साथ अपने रिश्ते को लेकर बात की है. उन्होंने कहा कि दोनों के बीच आज भी अच्छी बॉन्डिंग है और वे अपने खेल में सुधार के लिए एक-दूसरे से बातचीत करते रहते हैं.

करीब दो दशक से साथ

रोहित और विराट भारतीय क्रिकेट के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में गिने जाते हैं. रोहित ने 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था, जबकि विराट ने 2008 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया. करीब 20 साल से दोनों भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं और कप्तानी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. 

जियोस्टार से बातचीत में रोहित ने कहा कि दोनों ने लगभग एक ही समय में शुरुआत की और तब से टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करते रहे हैं. उनके मुताबिक, दोनों अच्छी तरह जानते हैं कि इस स्तर पर खेलने के लिए कितनी मेहनत करनी पड़ती है.

'दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग है'

रोहित ने कहा कि दोनों की बल्लेबाजी का अंदाज अलग जरूर है, लेकिन इससे उनकी आपसी समझ पर कोई फर्क नहीं पड़ा. विराट के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह आज भी उसी तरह खेलते हैं और टीम इंडिया के लिए रन बनाने के साथ मैच जीतने की कोशिश करते हैं. रोहित ने बताया कि कप्तानी के समय भी विराट का रवैया ऐसा ही था और अब भी उनके खेल में खास बदलाव नहीं आया है.

एक-दूसरे के खेल पर देते हैं राय

रोहित के मुताबिक, दोनों बल्लेबाज एक-दूसरे के खेल को समझते हैं और जरूरत पड़ने पर सलाह भी देते हैं. अगर विराट को रोहित की बल्लेबाजी में कोई ऐसी चीज नजर आती है, जिसमें सुधार किया जा सकता है, तो वह उनसे इस बारे में बात करते हैं. इसी तरह रोहित भी विराट को अपनी राय देते हैं. उन्होंने कहा कि दोनों के बीच इस तरह की बातचीत अभी भी होती रहती है और यह पहले की तरह ही है.

अब पहले से कम होती है मुलाकात

रोहित ने बताया कि पहले दोनों खिलाड़ी लगातार क्रिकेट दौरों पर रहते थे, इसलिए घर पर ज्यादा समय बिताने का मौका नहीं मिलता था. करीब एक साल पहले तक दोनों पांच-सात दिन के अंतराल में किसी न किसी दौरे पर होते थे. 

अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से थोड़ा ज्यादा समय मिलने की वजह से दोनों घर पर ज्यादा वक्त बिता रहे हैं. हालांकि, रोहित ने बताया कि पहले के मुकाबले अब उनकी मुलाकात कम होती है. इसकी एक वजह विराट का घर उनसे काफी दूर होना है. इसके अलावा वनडे सीरीज भी करीब एक से डेढ़ महीने के अंतराल पर होती हैं.

ये भी पढ़ें- वो देश, जिसकी जमीन के भीतर दबा है बेशकीमती हीरा, जानें कैसे बदली वहां के लोगों की जिंदगी