वो देश, जिसकी जमीन के भीतर दबा है बेशकीमती हीरा, जानें कैसे बदली वहां के लोगों की जिंदगी

Botswana diamonds: सोने और चांदी की कीमत की चर्चा तो अक्सर होती है, लेकिन हीरे की बात अलग है. इसकी कीमत इतनी ज्यादा होती है कि यह आम आदमी की पहुंच से काफी दूर रहता है. ऐसे में यह जानना दिलचस्प है कि दुनिया में सबसे ज्यादा हीरे आखिर कहां पाए जाते हैं.

Botswana world Diamond Land priceless diamonds worth billions rupees extracted from its soil
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Botswana diamonds: सोने और चांदी की कीमत की चर्चा तो अक्सर होती है, लेकिन हीरे की बात अलग है. इसकी कीमत इतनी ज्यादा होती है कि यह आम आदमी की पहुंच से काफी दूर रहता है. ऐसे में यह जानना दिलचस्प है कि दुनिया में सबसे ज्यादा हीरे आखिर कहां पाए जाते हैं. 

अफ्रीका का एक देश अपनी हीरों की खदानों के लिए इतना मशहूर है कि उसे ‘डायमंड लैंड’ भी कहा जाता है. आइए जानते हैं उस देश के बारे में और उसकी धरती से निकले बड़े-बड़े हीरों की कहानी.

कहां है ‘डायमंड लैंड’?

अफ्रीका का बोत्सवाना दुनिया के बड़े हीरा उत्पादक देशों में शामिल है. देश की अर्थव्यवस्था में हीरों की भूमिका इतनी अहम है कि इसकी पहचान ही ‘डायमंड लैंड’ के रूप में बन गई है. खास बात यह है कि कभी बोत्सवाना दुनिया के बेहद गरीब देशों में गिना जाता था. आज यह ऊपरी-मध्यम आय वाले देशों की श्रेणी में आता है. देश की इस आर्थिक तरक्की में हीरों की खोज का बड़ा योगदान रहा है.

आजादी के समय बेहद गरीब था बोत्सवाना

बोत्सवाना को 1966 में ब्रिटेन से आजादी मिली थी. इसके एक साल बाद यानी 1967 में देश में पहली बार हीरे के बड़े भंडार का पता चला. उस समय बोत्सवाना की अर्थव्यवस्था काफी छोटी थी और लोगों की प्रति व्यक्ति आय भी बहुत कम थी.

विश्व बैंक के मुताबिक, आजादी के समय बोत्सवाना दुनिया के सबसे गरीब देशों में शामिल था. इसके बाद देश में बड़े पैमाने पर हीरों की खदानें सामने आईं. हीरों के कारोबार से मिलने वाली कमाई ने धीरे-धीरे देश की आर्थिक स्थिति को बदल दिया.

बोत्सवाना की खदानों से निकले बड़े हीरे

बोत्सवाना की अर्थव्यवस्था में हीरा उद्योग की बड़ी भूमिका है. हीरों से देश के राष्ट्रीय राजस्व का करीब एक-तिहाई हिस्सा और विदेशी मुद्रा आय का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा आता है. यहां की कई खदानों से बेहद बड़े और कीमती हीरे मिल चुके हैं.

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में बोत्सवाना की कारोवे खदान से 2,492 कैरेट का कच्चा हीरा मिला था. इसे 1905 में दक्षिण अफ्रीका में मिले 3,106 कैरेट के कलिनन हीरे के बाद अब तक की सबसे बड़ी हीरा खोजों में शामिल किया गया. कलिनन हीरे को बाद में नौ बड़े पत्थरों में काटा गया था, जिनमें से कुछ ब्रिटिश क्राउन ज्वेल्स का हिस्सा हैं.

2,492 कैरेट का यह हीरा बोत्सवाना की राजधानी गैबोरोन से करीब 500 किलोमीटर उत्तर में स्थित कारोवे खदान से निकला था. इससे पहले 2019 में भी इसी खदान से 1,758 कैरेट का एक बड़ा हीरा मिला था.

कितनी होती है एक हीरे की कीमत?

हीरे की कीमत उसके आकार, गुणवत्ता और खासियत के आधार पर तय होती है. रिपोर्टों के मुताबिक, 2,492 कैरेट के इस कच्चे हीरे की कीमत करीब 40 मिलियन डॉलर यानी लगभग 3.6 अरब रुपये आंकी गई थी.

फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 2019 में कारोवे खदान से मिले 1,758 कैरेट के हीरे को फ्रांसीसी लग्जरी ब्रांड लुई वुइटन ने खरीदा था. हालांकि, इसकी कीमत सार्वजनिक नहीं की गई थी.

इसी खदान से 2016 में 1,109 कैरेट का एक और बड़ा हीरा मिला था. इसे 2017 में लंदन के मशहूर जौहरी लॉरेंस ग्राफ ने 63 मिलियन डॉलर में खरीदा था. ये बड़े हीरे बताते हैं कि बोत्सवाना की धरती को दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण हीरा खदानों में क्यों गिना जाता है.

ये भी पढ़ें- DRDO ने किया कमाल, स्वदेशी कावेरी इंजन को लेकर आया बड़ा अपडेट, अमेरिका की बादशाहत खत्म!