लॉस एंजिलिस: लॉस एंजिलिस के डॉल्बी थिएटर में 97वीं ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन हुआ, जिसमें कई अविस्मरणीय पल देखने को मिले. जहां एक ओर एड्रिअन ब्रॉडी और मिकी मेडिसन ने अभिनय के लिए प्रतिष्ठित अवॉर्ड अपने नाम किए, वहीं सेरेमनी के दौरान अप्रत्याशित घटनाएं भी देखने को मिलीं.
ऑस्कर 2025 के खास पल:
1. सेरेमनी के दौरान महसूस हुआ भूकंप
जब ऑस्कर सेरेमनी अपने चरम पर थी, तभी लॉस एंजिलिस में 3.9 मैग्निट्यूड का भूकंप आया. डॉल्बी थिएटर में मौजूद लोग झटकों को महसूस कर सकते थे, लेकिन समारोह बिना किसी बाधा के चलता रहा, जिससे यह रात और भी यादगार बन गई.
2. पहली बार ऑस्कर मंच पर गूंजी हिंदी
इस साल के ऑस्कर को केनन ओब्रायन ने होस्ट किया और इतिहास रच दिया. उन्होंने हिंदी में बोलते हुए कहा, "जो लोग भारत से देख रहे हैं, उनके लिए कहना चाहता हूं, नमस्कार!" यह पहली बार था जब किसी ऑस्कर होस्ट ने हिंदी में संबोधन किया, जिससे भारतीय दर्शकों के लिए यह एक खास पल बन गया.
3. जो सलडाना का भावुक क्षण
फिल्म 'एमीलिया पेरेज' के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीतने वाली जो सलडाना अपनी मां को देखकर भावुक हो गईं. मंच से उन्होंने अपनी मां को पुकारा और अपनी जीत का श्रेय उन्हें दिया, जिससे समारोह में भावनात्मक लहर दौड़ गई.
4. एड्रिअन ब्रॉडी का सरप्राइज मोमेंट
बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड जीतने वाले एड्रिअन ब्रॉडी ने रेड कार्पेट पर एक अनोखा पल क्रिएट किया. उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड जॉर्जीना की मौजूदगी में एक्ट्रेस हाले मारिया को किस किया. यह 2003 के उस मोमेंट की याद दिलाता है जब हाले ने उन्हें बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड प्रेजेंट किया था और एड्रिअन ने उन्हें मंच पर किस किया था.
5. एडम सैंडलर के अनोखे फैशन सेंस पर होस्ट ने ली चुटकी
जहां ऑस्कर रेड कार्पेट पर सितारे शानदार ड्रेसेस में पहुंचे, वहीं एडम सैंडलर ने हुडी और शॉर्ट्स पहनकर सबको चौंका दिया. होस्ट ने मंच से मजाकिया अंदाज में उनसे पूछा कि वह इस अवॉर्ड नाइट में ऐसे कपड़े क्यों पहने हैं. इस पर एडम ने हंसते हुए जवाब दिया, "जब तक आपने नहीं बताया, किसी ने गौर ही नहीं किया था!"
6. पॉल ताजेवेल की ऐतिहासिक जीत
फिल्म 'विकेड' के लिए कास्ट्यूम डिज़ाइनिंग का ऑस्कर जीतने वाले पॉल ताजेवेल पहले अश्वेत डिज़ाइनर बने, जिन्हें इस कैटेगरी में अवॉर्ड मिला. अपनी स्पीच में उन्होंने भावुक होकर कहा, "मैं इस अवॉर्ड को अपने समुदाय के नाम करता हूं," और उनकी नम आंखों ने दर्शकों को भावुक कर दिया.
7. एरियाना ग्रांडे की क्रिएटिविटी
स्टेज पर होने वाले हर खास पल को कैद करने के लिए एरियाना ग्रांडे ने अपनी खूबसूरत डिजाइनर ड्रेस को मोबाइल स्टैंड बना लिया. यह मोमेंट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस इसे काफी पसंद कर रहे हैं.
8. एनिमेटेड बिल्ली के हाथ में ऑस्कर
इस साल बेस्ट एनिमेटेड शॉर्ट फिल्म का अवॉर्ड फिल्म 'फ्लो' को मिला. जब फिल्म की टीम अवॉर्ड लेने स्टेज पर पहुंची, तो एक अनोखा दृश्य देखने को मिला—फिल्म के मैन कैरेक्टर, एक एनिमेटेड बिल्ली को स्क्रीन पर ऑस्कर थामे दिखाया गया, जिसने इस मोमेंट को और भी खास बना दिया.
ये भी पढ़ें- चैंपियंस ट्रॉफी से पहले जिन फैसलों पर थे सवाल, वही बदल रहे मैच के परिणाम, भारत की जीत के X फैक्टर