अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर स्थित ला गार्डिया एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां एक यात्री विमान और दमकल गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और स्थिति को गंभीर देखते हुए इसे ‘मास कैजुअल्टी’ घटना घोषित कर दिया गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब सीआरजे-900 विमान रनवे के पास टैक्सीवे से गुजर रहा था. यह विमान एयर कनाडा एक्सप्रेस का था, जिसमें करीब 100 यात्री सवार थे.
इसी दौरान रनवे के पास मौजूद एक फायर ट्रक से उसकी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
दमकल कर्मी गंभीर रूप से घायल
हादसे में दमकल गाड़ी में मौजूद 5 इमरजेंसी कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया.
फिलहाल किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. राहत और बचाव टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को निकालने का काम शुरू किया.
यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
टक्कर के बाद विमान को भी नुकसान पहुंचा, लेकिन सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
यात्रियों को रनवे के पास सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, जहां मेडिकल टीम उनकी जांच कर रही है. अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की गई.
एयरपोर्ट बंद, उड़ानें डायवर्ट
घटना के बाद ला गार्डिया एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. सभी उड़ानों को न्यूयॉर्क के दूसरे बड़े एयरपोर्ट जेएफके एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया है. प्रशासन हालात को सामान्य करने की कोशिश में जुटा हुआ है.
ATC ऑडियो में बड़ा खुलासा
इस बीच एक ऑडियो क्लिप सामने आई है, जिसे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) का बताया जा रहा है.
इसमें कथित तौर पर अधिकारी फायर ट्रक को रुकने के निर्देश दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद वह रनवे पर आगे बढ़ता रहता है और विमान से टकरा जाता है. हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि फायर ब्रिगेड की टीम ने निर्देशों का पालन क्यों नहीं किया.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में भेज रहा था सेना के 'सीक्रेट', एयरफोर्स स्टेशन से कर्मचारी गिरफ्तार, कैसे हुआ खुलासा?