गयाजी: बिहार के गयाजी जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रील बनाने के चक्कर में 9 स्कूली छात्र नदी में डूब गए. यह हादसा गुरुवार, 25 सितंबर 2025 को खिजरसराय थाना क्षेत्र के केनी पुल के पास हुआ. हादसे ने पूरे इलाके में मातम का माहौल बना दिया है.
वीडियो बनाने के दौरान फिसले
जानकारी के मुताबिक, सभी लड़के स्कूल से लौटते वक्त फाल्गु नदी के किनारे पहुंच गए थे. यहां वे मोबाइल से रील (वीडियो) बना रहे थे. इसी दौरान कुछ लड़के गहरे पानी में फिसल गए और बाकी उन्हें बचाने की कोशिश में खुद भी डूबने लगे. अचानक शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया.
स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सभी 9 लड़कों को नदी से बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें तुरंत बेलागंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लड़कों को गंभीर हालत में अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जबकि बाकी को वहीं भर्ती किया गया.
5 छात्रों की नहीं बच सकी जान
बेलागंज अस्पताल में भर्ती 7 लड़कों में से 5 की मौत हो गई, जबकि दो का इलाज चल रहा है. मृतकों की उम्र और शिक्षा को लेकर जानकारी मिली है कि ये सभी लड़के 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र थे.
स्कूल से लौटते वक्त हुआ हादसा
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. गांव में मातम पसर गया है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि ये सभी छात्र स्कूल से लौटते समय रील बनाने के लिए नदी के किनारे रुके थे.
मृतकों की पहचान शुरू
नीमचक बथानी अनुमंडल के एसडीएम केशव आनंद ने घटना की पुष्टि की है और बताया कि छह लड़कों की पहचान हो चुकी है. बाकी की पहचान और रिश्तेदारी की जांच जारी है. ये भी पता लगाया जा रहा है कि इनमें से कोई सगे भाई थे या एक ही परिवार से थे. प्रशासन का कहना है कि घटना की पूरी सच्चाई और क्रम इलाजरत लड़कों के बयान के बाद सामने आ सकेगा. प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है और घटना से जुड़े हर पहलू की जानकारी ली जा रही है.
ये भी पढ़ें: बिहार चुनाव से पहले नीतीश सरकार का बड़ा ऐलान, न्यूनतम मजदूरी में की बढ़ोतरी, अब मिलेंगे इतने रुपये