Delhi Shahdara Fire: दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में रविवार तड़के एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 12 लोग झुलस गए. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
आग लगने की सूचना सुबह करीब 3:15 बजे मिली थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग इमारत के एक फ्लैट से शुरू हुई और कुछ ही समय में अन्य हिस्सों में फैल गई. आग और घने धुएं के कारण इमारत में मौजूद लोगों को बाहर निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
क्या बोले अधिकारी?
शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीना ने बताया कि यह हादसा विवेक विहार स्थित चार मंजिला इमारत में हुआ. अब तक 4 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है. दमकल विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और इमारत के हर हिस्से की बारीकी से जांच की जा रही है. कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
#WATCH | Delhi: A fire broke out in a 4-storey building in Vivek Vihar, Shahdara. So far, 3-4 bodies have been found. Several fire tenders are on the spot. pic.twitter.com/5ZslBbmLmp
— ANI (@ANI) May 3, 2026
‘एसी में विस्फोट के कारण आग लगी’
स्थानीय निवासी रोहित के मुताबिक, आग लगने की वजह एसी में हुआ विस्फोट हो सकता है. उन्होंने बताया कि आग तेजी से फैली और हालात कुछ ही मिनटों में बेकाबू हो गए. करीब 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, हालांकि कुछ लोगों के अब भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है.
फॉरेंसिक टीम और दमकल विभाग के अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं. साथ ही इमारत में सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी. लोगों ने खुद भी बचाव कार्य में मदद करने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के चलते स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बनी रही. प्रशासन का कहना है कि राहत और बचाव कार्य पूरी तरह खत्म होने के बाद ही हताहतों की सटीक संख्या स्पष्ट हो पाएगी.
ये भी पढ़ें- Weather: दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में अलर्ट, आपके यहां कैसा रहेगा मौसम?