FIFA World Cup: 6 करोड़ की ट्रॉफी, 21 लाख की सबसे सस्ती टिकट... वर्ल्ड कप फाइनल में होगी नोटों की बारिश

फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल आज अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला सिर्फ खेल के लिहाज से ही नहीं, बल्कि कमाई के मामले में भी बेहद बड़ा माना जा रहा है. इस बार टूर्नामेंट में रिकॉर्ड 48 टीमों ने हिस्सा लिया और पहले से ज्यादा मैच खेले गए. इसके साथ ही टिकट, इनामी राशि और FIFA की कमाई ने भी नए रिकॉर्ड बनाए हैं.

FIFA World Cup 2026 cheapest ticket at 21 lakh Money is pouring in abundantly
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

FIFA World Cup 2026: फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है. रविवार को खिताबी मुकाबले में अर्जेंटीना और स्पेन आमने-सामने होंगे. एक तरफ लियोनेल मेसी की टीम लगातार दूसरा वर्ल्ड कप जीतने के इरादे से उतरेगी, तो दूसरी ओर स्पेन 2010 के बाद दूसरी बार चैंपियन बनने की कोशिश करेगा.

इस बार का वर्ल्ड कप कई मायनों में खास रहा. पहली बार टूर्नामेंट में 48 टीमों ने हिस्सा लिया और पूरे टूर्नामेंट में 104 मुकाबले खेले गए. पहले 32 टीमें खेलती थीं और कुल 64 मैच होते थे. टीमों और मैचों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ इस बार टूर्नामेंट की कमाई भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने वाली है.

फाइनल की टिकट ने तोड़े सारे रिकॉर्ड

अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाला फाइनल दुनिया के सबसे महंगे खेल आयोजनों में शामिल हो गया है. मैच जैसे-जैसे करीब आया, टिकटों की कीमत भी तेजी से बढ़ती गई.

सेकेंडरी मार्केट में फाइनल का सबसे सस्ता टिकट करीब 9,500 डॉलर तक पहुंच गया. वहीं, FIFA की आधिकारिक वेबसाइट पर सबसे सस्ती टिकट की कीमत 21,995 डॉलर रखी गई है. भारतीय रुपये में इसकी कीमत 21 लाख रुपये से भी ज्यादा बैठती है.

चैंपियन टीम पर होगी करोड़ों की बारिश

वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को इस बार 5 करोड़ डॉलर यानी करीब 481 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिलेगी.

रनर-अप टीम को 3.3 करोड़ डॉलर यानी लगभग 317 करोड़ रुपये दिए जाएंगे. तीसरे स्थान पर रहने वाली इंग्लैंड की टीम को करीब 280 करोड़ रुपये और चौथे स्थान पर रहने वाली फ्रांस की टीम को करीब 260 करोड़ रुपये मिलेंगे.

ट्रॉफी में लगा है करोड़ों रुपये का सोना

FIFA वर्ल्ड कप की ट्रॉफी सिर्फ प्रतिष्ठा की निशानी नहीं, बल्कि इसकी कीमत भी बेहद ज्यादा है.

इस ट्रॉफी का कुल वजन 6.17 किलोग्राम है. इसमें लगभग 5 किलोग्राम 18 कैरेट सोना इस्तेमाल किया गया है. मौजूदा सोने की कीमत के हिसाब से ट्रॉफी में लगे सोने की कीमत करीब 7.13 लाख डॉलर यानी लगभग 6.89 करोड़ रुपये है.

दिलचस्प बात यह है कि 2022 की तुलना में इस बार ट्रॉफी की कीमत दोगुनी से भी ज्यादा हो चुकी है. जब 1974 में इस ट्रॉफी का मौजूदा डिजाइन पहली बार इस्तेमाल किया गया था, तब इसकी कीमत केवल 25 हजार डॉलर के आसपास थी.

FIFA को होगी रिकॉर्ड कमाई

वर्ल्ड कप सिर्फ खिलाड़ियों और टीमों के लिए ही नहीं, बल्कि FIFA के लिए भी कमाई का सबसे बड़ा जरिया है.

2022 वर्ल्ड कप से FIFA ने करीब 7.6 अरब डॉलर की कमाई की थी. इस बार यह आंकड़ा और भी बड़ा होने की उम्मीद है.

FIFA का अनुमान है कि चार साल के मौजूदा चक्र में उसे करीब 13 अरब डॉलर का रेवेन्यू मिलेगा. इसमें से लगभग 9 अरब डॉलर अकेले 2026 वर्ल्ड कप से आने की संभावना है.

कहां से आता है इतना पैसा?

FIFA की सबसे बड़ी कमाई टीवी प्रसारण अधिकारों से होती है. अनुमान है कि इस बार करीब 3.9 अरब डॉलर ब्रॉडकास्टिंग राइट्स से मिलेंगे.

इसके अलावा 3 अरब डॉलर से ज्यादा की कमाई टिकटों की बिक्री, हॉस्पिटैलिटी पैकेज और दूसरे व्यावसायिक समझौतों से होने की उम्मीद है.

यही वजह है कि FIFA वर्ल्ड कप दुनिया का सबसे ज्यादा कमाई करने वाला खेल आयोजन माना जाता है. इसकी कमाई कई बार ओलंपिक जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन से भी ज्यादा होती है.

ये भी पढ़ें- Lord's Pitch Report: तीसरे वनडे में कैसी होगी लॉर्ड्स की पिच? बल्लेबाज या गेंदबाज, किसे मिलेगा फायदा?