Higher Costs Of Appliances: फेस्टिव सीजन में अगर आप घर के लिए नया AC, TV, फ्रिज या वॉशिंग मशीन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपका बजट पहले के मुकाबले थोड़ा ज्यादा हो सकता है. 1 अक्टूबर से कई Consumer Electronics कंपनियों ने अपने प्रोडक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी शुरू कर दी है. अलग-अलग कंपनियों और प्रोडक्ट कैटेगरी के हिसाब से कीमतों में करीब 3 से 8 फीसदी तक इजाफा देखने को मिल सकता है.
बढ़ती कीमतों का असर बाजार में किस तरह दिखाई दे रहा है, इसकी पड़ताल के लिए हमारे संवाददाता शुभम पाण्डेय ने मुंबई के कई शोरूम का जायजा लिया. दुकानदारों से बातचीत में सामने आया कि कुछ प्रोडक्ट नए दामों के साथ बाजार में पहुंच चुके हैं, जबकि कुछ जगहों पर पुराने स्टॉक की वजह से ग्राहकों को थोड़ी राहत मिल सकती है.
AC की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
Consumer Electronics में सबसे ज्यादा असर AC की कीमतों पर पड़ने की संभावना है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयर कंडीशनर की कीमतों में करीब 5 से 8 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में फेस्टिव सीजन में AC खरीदने की योजना बना रहे लोगों को पहले के मुकाबले ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ सकती है. LED TV भी इस बढ़ोतरी से अछूते नहीं हैं. इनकी कीमतों में करीब 3 से 7 फीसदी तक इजाफा होने की संभावना है. वहीं, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसे घरेलू उपकरणों की कीमतें भी करीब 3 से 4 फीसदी तक बढ़ सकती हैं.
कई कंपनियों ने बढ़ाए प्रोडक्ट के दाम
ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रोनिक्स जैसी कंपनियों ने अपने अलग-अलग प्रोडक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी की है. इन कंपनियों की ओर से अलग-अलग कैटेगरी में करीब 4 से 10 फीसदी तक दाम बढ़ाने की घोषणा की गई है. वहीं, पैनासोनिक फिलहाल बाजार की स्थिति पर नजर रख रही है. कंपनी की ओर से कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर फैसला बाद में लिया जा सकता है. यानी आने वाले दिनों में Consumer Electronics की कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकता है.
LG और Bosch Home Comfort ने भी बढ़ाए AC के दाम
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, LG और Bosch Home Comfort ने भी AC की कीमतों में करीब 5 फीसदी की बढ़ोतरी की है. Bosch Home Comfort भारत में Hitachi ब्रांड के एयर कंडीशनर बेचती है. ऐसे में इन ब्रांड्स के AC खरीदने वाले ग्राहकों को भी अब ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है. फेस्टिव सीजन में आमतौर पर कंपनियां डिस्काउंट और ऑफर्स के जरिए ग्राहकों को आकर्षित करती हैं. ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद ग्राहकों की नजर इस बात पर रहेगी कि कंपनियां और रिटेलर्स किस तरह के ऑफर और डिस्काउंट दे रहे हैं.
आखिर क्यों बढ़ रहे हैं इलेक्ट्रॉनिक्स के दाम?
इलेक्ट्रॉनिक सामानों की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं. इन प्रोडक्ट्स के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कॉपर, स्टील, एल्युमिनियम और प्लास्टिक जैसे कच्चे माल की लागत बढ़ी है. इसके अलावा Freight और Shipping Cost में बढ़ोतरी का असर भी कंपनियों की लागत पर पड़ा है. जब प्रोडक्ट बनाने और उसे बाजार तक पहुंचाने की लागत बढ़ती है, तो उसका कुछ असर ग्राहकों पर भी डाला जाता है. इसी वजह से अब AC, TV और दूसरे घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामानों की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है.
ये भी पढ़ें-भारत में लॉन्च हुआ Oppo K14 Plus, 8,000mAh की दमदार बैटरी से है लैस, जानें कीमत और ऑफर्स