कुकर के ढक्कन से हमला, बाथटब में डुबोया... फतेहपुर में पति ने पत्नी को बेरहमी से उतारा मौत के घाट

Fatehpur Crime News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है. करीब नौ साल पहले प्रेम विवाह करने वाली शालिनी यादव की मौत को शुरुआत में संदिग्ध माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो कहानी पूरी तरह बदल गई.

fatehpur-wife-murder-teacher-husband-arrested-police
Image Source: Social Media

Fatehpur Crime News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है. करीब नौ साल पहले प्रेम विवाह करने वाली शालिनी यादव की मौत को शुरुआत में संदिग्ध माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो कहानी पूरी तरह बदल गई. पुलिस ने मामले में शालिनी के पति और सरकारी शिक्षक दिलीप कुमार को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उसने विवाद के चलते पत्नी की हत्या की साजिश रची और फिर पूरी वारदात को हादसा दिखाने की कोशिश की.

बच्चे को नानी के घर भेजकर रची साजिश

पुलिस के मुताबिक, दिलीप और शालिनी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. इसी तनाव के बीच आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी को रास्ते से हटाने का फैसला किया. वारदात से पहले उसने अपने करीब 7-8 साल के बच्चे को नानी के घर भेज दिया, ताकि घर में उस समय कोई मौजूद न रहे. इसके बाद वह किराए के मकान पर लौटा और कथित तौर पर हत्या के लिए मौका तलाशने लगा.

कुकर के ढक्कन से हमला, फिर पानी में डुबोया

पुलिस की जांच के अनुसार, 8 अगस्त की सुबह करीब 5:15 बजे शालिनी घर के आंगन में बर्तन धो रही थी. इसी दौरान दिलीप ने पीछे से एल्युमिनियम के भारी कुकर के ढक्कन से उसके सिर पर तीन बार वार किया. गंभीर चोट लगने के बाद शालिनी बेहोश हो गई. आरोप है कि इसके बाद दिलीप ने उसे पानी से भरे प्लास्टिक के बाथटब में डालकर उसकी गर्दन पानी के भीतर दबाए रखी, जिससे उसकी मौत हो गई.

हत्या के बाद मॉर्निंग वॉक का बनाया बहाना

वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर सबूत मिटाने की कोशिश की. उसने बाथटब का पानी बहा दिया और फिर मोटरसाइकिल से घर से निकलकर मॉर्निंग वॉक पर जाने का नाटक किया. लौटने के बाद उसने अपने भाइयों को बुलाया और शालिनी के चक्कर खाकर गिरने की कहानी बताई. परिवार उसे अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. इसके बाद भी आरोपी कथित तौर पर घटना को हादसा साबित करने की कोशिश करता रहा.

पिता की शिकायत के बाद खुला हत्या का राज

शालिनी के पिता की तहरीर के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की. पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें कथित तौर पर उसकी बनाई कहानी में विरोधाभास सामने आए. पुलिस ने दिलीप को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कुकर का ढक्कन, टूटे कांच के टुकड़े, प्लास्टिक का बाथटब, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद करने का दावा किया है. आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: नींद की गोली दी, गला घोंटा और करंट दिया... प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट